क्रिकेट

National Sports Awards: सात्विक-चिराग को खेल रत्न, शमी समेत इन धुरंधरों को अर्जुन पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित

National Sports Awards 2023 Winners: राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का ऐलान कर दिया गया है। इसमें वर्ल्ड कप 2023 में अपनी गेंदबाजी से कमाल करने वाले मोहम्मद शमी को अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। इसके अलावा बैटमिंटन जोड़ी को खेल रत्न दिया जाएगा।

Image

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार (फोटो- AP/Narendra Modi twitter)

National Sports Awards 2023 Winners: खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के विजेताओं का ऐलान कर दिया है। इसमें भारत की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को वर्ष 2023 के लिये मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया जायेगा जबकि वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटर मोहम्मद शमी और पैरा एशियाई खेलों की चैम्पियन तीरंदाज शीतल देवी समेत 26 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार मिलेगा।

ये पुरस्कार राष्ट्रपति भवन में नौ जनवरी को आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रदान करेंगी।उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एएम खानविलकर की अध्यक्षता वाली समिति ने जिन नामों की अनुशंसा की थी उसके आधार पर भारत की नंबर एक बैडमिंटन पुरूष युगल टीम चिराग और सात्विक को सर्वोच्च खेल सम्मान खेलरत्न देने का फैसला किया गया।

26 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार

इसके अलावा 26 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया जायेगा जिसमें वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले तैंतीस वर्षीय तेज गेंदबाज शमी शामिल हैं । भारत इस टूर्नामेंट के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था।खेल मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शमी का नाम सूची में शामिल करने के लिए विशेष आग्रह किया था । इससे पहले उनका नाम देश के दूसरे सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए नामित किए गए खिलाड़ियों की सूची में शामिल नहीं था।शमी ने वनडे विश्व कप में केवल सात मैच में सर्वाधिक 24 विकेट हासिल किए थे। पहले चार मैच में बाहर रहने के बाद शमी को जब मौका मिला तो उन्होंने उसका पूरा फायदा उठाया।

इन खिलाड़ियों को भी किया गया शामिल

शमी के अलावा 25 अन्य खिलाड़ियों को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। इनमें भुजाहीन तीरंदाज शीतल देवी, पुरुष हॉकी खिलाड़ी कृष्ण बहादुर पाठक और सुशीला चानू, तीरंदाज ओजस प्रवीण देवताले और अदिति गोपीचंद स्वामी, मुक्केबाज मोहम्मद हुसामुद्दीन, शतरंज खिलाड़ी आर वैशाली, गोल्फर दीक्षा डागर, निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पहलवान अंतिम पंघाल,एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता वुशू खिलाड़ी नाओरेम रोशिबिना देवी और टेबल टेनिस खिलाड़ी अयहिका मुखर्जी शामिल हैं।

12 सदस्यीय कमिटी ने किया चयन

खेल मंत्रालय ने इस साल के मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार और अर्जुन पुरस्कार का फैसला करने के लिए 12 सदस्यीय समिति गठित की थी । इनमें अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश एएम खानविलकर के अलावा हॉकी खिलाड़ी धनराज पिल्लै, पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी कमलेश मेहता, पूर्व मुक्केबाज अखिल कुमार, महिला निशानेबाज और वर्तमान राष्ट्रीय कोच शुमा शिरूर, पूर्व क्रिकेटर अंजुम चोपड़ा, बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुरगुंडे और पावरलिफ्टर फरमान पाशा भी समिति में शामिल थे।
SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article