क्रिकेट

मुस्तफिजुर रहमान का कमाल, ऐसा करने वाले दूसरे बांग्लादेशी क्रिकेटर बने

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Mar 15, 2023, 05:39 PM IST

Mustafizur Rahman Record: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दौरान एक खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। वो इस सीरीज के दौरान अपने टी20 करियर में 100 विकेट पूरा करने में सफल रहे और बांग्लादेश क्रिकेट इतिहास में वो ऐसा करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने।

Image

मुस्तफिजुर रहमान (AP)

Bangladesh vs England T20I Series, Mustafizur Rahman record: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। बांग्लादेश और इंग्लैंड के बीच हुई टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में एक तरफ जहां मेजबान बांग्लादेश ने तीन टी20 मैचों की सीरीज में विश्व चैंपियन इंग्लैंड को 3-0 से क्लीन स्वीप करके इतिहास रचा, वहीं दूसरी ओर उनके शीर्ष पेसर मुस्तफिजुर रहमान ने भी खास कमाल कर दिखाया है।

मुस्तफिजुर रहमान ने तीसरे टी20 मैच में 14 रन देते हुए 1 विकेट झटका। ये उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 100वां विकेट साबित हुआ। उन्होंने अपना 100वां विकेट इंग्लैंड के दिग्गज टी20 बल्लेबाज डेविड मलान का लिया। मलान अर्धशतक जड़कर खेल रहे थे लेकिन मुस्तफिजुर ने उनको आउट करके इंग्लैंड की लय बिगाड़ी और अपने विकेटों का शतक पूरा कर लिया।

इसके साथ ही मुस्तफिजुर रहमान अब बांग्लादेश की तरफ से 100 टी20 विकेट लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनके अलावा ये कमाल सिर्फ अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने किया है जिनके नाम 131 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट हैं। यहां दिलचस्प बात ये है कि शाकिब एक स्पिनर हैं, यानी मुस्तफिजुर रहमान 100 टी20 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बने हैं।

किन गेंदबाजों के नाम हैं 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट

अगर बात करें टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट क्लब की। तो इस क्लब में शाकिब और मुस्तफिजुर के अलावा चार और खिलाड़ी शामिल हैं। न्यूजीलैंड के टिम साउथी, अफगानिस्तान के राशिद खान, न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी और पूर्व श्रीलंकाई पेसर लसिथ मलिंगा ही वो अन्य गेंदबाज हैं जिनके नाम 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट दर्ज हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट टिम साउथी के नाम दर्ज हैं जिन्होंने अब तक 107 टी20 मैचों में 134 विकेट लिए हैं। दूसरे नंबर पर मौजूद बांग्लादेश के शाकिब अल हसन उनसे सिर्फ 3 विकेट पीछे हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article