Mumbai Indians Squad Update: मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन इस सीजन अब तक औसत रहा है। हार्दिक की कप्तानी में टीम पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। इस बीच टीम के ऊपर एक और मुसीबत का पहाड़ बनकर टूटा है। कीवी ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर चोट के कारण आईपीएल से बाहर हो गए हैं। मुंबई इंडियंस ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। साउथ अफ्रीका के स्पिन गेंदबाज केशव महाराज सैंटनर की जगह लेंगे। सैंटनर को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान चोट लग गई थी। कैच लेने के दौरान उनके कंधे में चोट आई थी। मुंबई इंडियंस ने रिप्लेसमेंट का ऐलान करते हुए सैंटनर के जल्द ठीक होने की कामना की है।
महराजा दक्षिण अफ्रीका के ऑल फॉर्मेट अनुभवी गेंदबाज हैं। 2016 में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले महाराज तब से लगातार अफ्रीकी टीम के अहम सदस्य रहे हैं। उन्हें बिना एक भी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले दक्षिण अफ्रीका की 2021 टी20 विश्व कप टीम में चुना गया। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ कप्तान के रूप में अपना डेब्यू किया था। इस फॉर्मेट में उन्होंने पहली ही गेंद पर विकेट लिया था।
केशव ने 30 टी20 मैचों में 31 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देकर 3 विकेट है। मुंबई इंडियंस उन्हें अपनी टीम में शामिल करके बेहद खुश है। उनकी लगन, कौशल और अनुभव मुंबई इंडियंस के कल्चर को सूट करती है।
आईपीएल ने बयान में कहा, ’’मुंबई इंडियन्स ने दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज को मिचेल सैंटनर के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया है। सेंटनर बाएं कंधे में लगी चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से बाहर हो गए हैं।’’ आईपीएल ने कहा, ’’अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर महाराज हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में खेले थे। उन्होंने 2024 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से दो आईपीएल मैच खेले। वह 75 लाख रुपये की फीस पर मुंबई इंडियन्स में शामिल हुए हैं।’’
