Mumbai Indians New York team: फटाफट क्रिकेट का रोमांच अब दुनिया के हर जगह देखने को मिल रहा। इस साल दक्षिण अफ्रीका में एसए20 और अबुधाबी में इंटरनेशनल लीग टी20 के बाद अब अमेरिका में भी फटाफट क्रिकेट का रोमांचक मुकाबला शुरू होने वाला है। इस लीग में आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस की मालिकाना हक रखने वाली फ्रेंचाइजी ने एमआई न्यूयॉर्क टीम खरीदी है। मेजर क्रिकेट लीग में मुंबई इंडियंस से पहले दिल्ली कैटपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी ने भी टीम खरीदी है।
इन लीग में उतरती है टीम
मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी की टीम अलग-अलग पांच टी20 लीग में हिस्सा लेती है। इसमें आईपीएल में मुंबई इंडियंस के नाम के अलावा इस साल शुरू हुए विमेंस प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस, दक्षिण अफ्रीका के एसए20 लीग में एमआई केपटाउन, इंटरनेशनल लीग टी20 में एमआई अमीरात हिस्सा लेती है। अब इसके अलावा मेजर लीग क्रिकेट में एमआई न्यूयॉर्क के नाम से टीम उतरेगी।
टीम पहली एमएलसी में खेलेगी
जानकारी के अनुसार, ‘सारी औपचारिकतायें पूरी करने पर टीम पहली एमएलसी में खेलेगी । ’ इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के मालिक जीएमआर समूह ने माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला के साथ सिएटल ओरकास टीम में निवेश किया जबकि चेन्नई सुपर किंग्स टैक्सास टीम का हिस्सा है।
मुंबई इंडियंस के लिए नई शुरूआत
मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी ने कहा, ‘मुंबई इंडियंस के परिवार में न्यूयॉर्क टीम का स्वागत करके काफी खुशी हो रही है। अमेरिका में पहली क्रिकेट लीग में भाग लेकर हम मुंबई इंडियंस को वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित कर सकेंगे। यह मुंबई इंडियंस के लिए नई शुरूआत है और मुझे इसका इंतजाार है।’
पांच बार खिताब पर कब्जा
मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे टीम है। आईपीएल में टीम ने 2013 में पहली बार खिताब पर कब्जा जमाया था। इसके बाद 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीत चुकी है। 31 मार्च से शुरू होने टूर्नामेंट के लिए मुंबई इंडियंस ने कमर कस ली है। टीम के सभी खिलाड़ी जमकर पसीना बहा रहे हैं।(भाषा इनपुट के साथ)
