क्रिकेट

ओंकार साल्वी बने रहेंगे मुंबई क्रिकेट टीम के मुख्य कोच, चीफ सेलेक्टर का कार्यकाल भी बढ़ा

ओंकार साल्वी मुंबई क्रिकेट टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे जबकि संजय पाटिल को भी चयन समिति का प्रमुख बरकरार रखा गया है । मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने बुधवार को इसका ऐलान किया।

Image

ओंकार साल्वी(साभार RCB)

मुंबई: ओंकार साल्वी मुंबई क्रिकेट टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे जबकि संजय पाटिल को भी चयन समिति का प्रमुख बरकरार रखा गया है । मुंबई क्रिकेट संघ ने बुधवार को इसकी घोषणा की। साल्वी 2023-24 में मुंबई के कोच बने थे और उसी सत्र में टीम ने रणजी खिताब जीता। वह अगले सत्र में 42 बार की चैम्पियन टीम को सेमीफाइनल तक ले गए।

मुंबई ने 2024-25 में 27 साल बाद ईरानी कप और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी20 टूर्नामेंट जीता। साल्वी आईपीएल चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के गेंदबाजी कोच भी हैं। संजय पाटिल की अध्यक्षता वाली चयन समिति में रवि ठाकेर, जितेंद्र ठाकरे, विक्रांत येल्लीगति और दीपक जाधव होंगे।

पिछले दो वर्ष से मुख्य कोच रहे साल्वी को उम्मीद के मुताबिक तीसरे सत्र के लिए मुख्य कोच के रूप में बरकरार रखा गया, जबकि पाटिल मुख्य चयनकर्ता बने रहेंगे, भले ही उन्होंने भारत के नियमित खिलाड़ियों के रवैये की कड़ी आलोचना की हो, जिन्हें रणजी ट्रॉफी के बीच में मुंबई टीम में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया था। पांच सदस्यीय चयन समिति में केवल एक बदलाव हुआ है। दीपक जाधव ने किरण पोवार की जगह ली है, जिन्होंने अंडर-23 कोच का पद संभाला है।

दिलचस्प बात यह है कि अंकित चव्हाण, जिनका प्रथम श्रेणी करियर 2013 आईपीएल भ्रष्टाचार घोटाले में कथित संलिप्तता के बाद अचानक समाप्त हो गया था, को अंडर-14 ब्वॉयज का कोच नियुक्त किया गया है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article