क्रिकेट

पाकिस्तान में कमाल का मैच हो रहा है, 3 गेंदों में गिरे 4 विकेट, खेल रात 2:30 बजे खत्म हुआ

Muhammad Shahzad Heroics In Pakistan's President Cup: पाकिस्तान बेशक चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गया है और फाइनल भी अब उनकी जमीन पर नहीं होगा, लेकिन वहां खेल शुरू हो चुका है और उनको एक नया धुरंधर भी मिल गया है। नाम है मुहम्मद शहजाद। इस ऑलराउंडर ने पाकिस्तान प्रेसिडेंट कप के मैच में बल्ले और गेंद से वो कर दिखाया जो अद्भुत है। इस दौरान शहजाद के ओवर में 3 गेंदों में 4 विकेट गिरे, जानिए कैसे।

Image

पाकिस्तान के प्रेसिडेंट कप मैच में बहुत कुछ अजीब हुआ

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तान में प्रेसिडेंट कप का अनोखा मैच
  • कोई खिलाड़ी नींद की वजह से आउट हुआ
  • एक खिलाड़ी ने शतक भी लगाया और हैट्रिक भी ली

SBP vs PTV President Cup Pakistan: पाकिस्तान के प्रेसिडेंट कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में कई अनोखी चीजें देखने को मिली हैं, जिसमें पाकिस्तान में होने वाला पहला गुलाबी गेंद वाला मैच भी शामिल है। रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में स्टेट बैंक ऑफ़ पाकिस्तान (एसबीपी) और पाकिस्तान टेलीविजन (पीटीवी) के बीच मुकाबला हुआ जिसमें ऐसी-ऐसी घटनाएं हुईं जिन्होंने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। मैच के समय से लेकर दिग्गज खिलाड़ी के टाइम्ड आउट (Timed Out) होने तक और फिर एक अनजान खिलाड़ी का अचानक से सुपरस्टार बन जाने जैसी कई चीजें इस मुकाबले में हुई हैं।

इस मुकाबले में पीटीवी की तरफ से खेल रहे पाकिस्तानी ऑलराउंडर मुहम्मद शहजाद (Muhammad Shahzad) ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सबको हैरान कर दिया। इस मैच की पहली पारी में पाकिस्तान टेस्ट टीम के उपकप्तान सउद शकील (Saud Shakeel) एक अजीब घटना का शिकार हो गए। मैच की पहली पारी के दौरान लड़खड़ाकर खेल रही स्टेट बैंक टीम की तरफ से खेल रहे शकील अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे जब तेज गेंदबाज मुहम्मद शहजाद ने उमर अमीन और फवद आलम को लगातार गेंदों पर आउट कर दिया। बताया जा रहा है कि शकील ड्रेसिंग रूम में सो रहे थे और उन्हें अंदाजा ही नहीं था कि धड़ाधड़ विकेट गिर जाएंगे। वो क्रीज पर देरी से पहुंचे और उन्हें टाइम्ड आउट का शिकार बनकर बिना कोई गेंद खेले आउट करार दे दिया गया। वो क्रिकेट इतिहास में सातवें खिलाड़ी बने जो इस तरह आउट हुए।

एक अधिकारी के मुताबिक नए बल्लेबाज के क्रीज पर पहुंचने के लिए स्वीकृति तीन मिनट की समय सीमा के बाद सऊद शकील क्रीज पर पहुंचे थे। बताया गया कि शकील के क्रीज पर पहुंचने पर पीटीवी के कप्तान अम्माद बट ने अंपायर से उन्हें टाइम आउट देने की अपील की और इस अपील को स्वीकार कर लिया गया।

3 गेंदों में गिर गए 4 विकेट

सउद शकील के आउट होने के बाद मुहम्मद शहजाद ने हैट्रिक ली, जिसमें एसबीपी टीम ने तीन गेंदों के भीतर 4 विकेट गंवा दिए। दरअसल, शहजाद ने कप्तान उमर अमीन को छह रन पर आउट किया, जबकि फवाद आलम गोल्डन डक पर आउट हो गए। इस समय शकील को बल्लेबाजी के लिए उतरना था, लेकिन मैच में कोई भी गेंद फेंके बिना ही आउट हो गए। अगली गेंद पर शहजाद ने नए बल्लेबाज इरफान खान को भी आउट कर दिया। इस तरह उनकी हैट्रिक भी हुई और तीन गेंदों में चार विकेट गिरे। शहजाद ने इस पारी में में 29 रन देकर 5 विकेट लिए।

शहजाद ने शतक भी जड़ दिया

पहली पारी में पीटीवी के लिए हैट्रिक लेने वाले मुहम्मद शहजाद ने इसके बाद बल्लेबाजी में भी कमाल करके एक अनोखा रिकॉर्ड बना डाला। वो पीटीवी टीम की पहली पारी में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और शतक लगा दिया। उन्होंने 152 गेंदों में नाबाद 125 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही वो उन्होंने एक खास रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने मैच में हैट्रिक ली, 5 विकेट झटके और नाबाद शतक भी बनाया। शहजाद अभी सिर्फ 21 साल के हैं और अपना 17वां प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच खेल रहे हैं।

मैच के समय को लेकर भी खूब है चर्चा

रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) और पाकिस्तान टेलीविजन (पीटी) के बीच मुकाबला पांच दिनों तक शाम 7:30 बजे से सुबह 2:30 बजे के बीच होना निर्धारित हुआ है। हाल के वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में गुलाबी गेंद के मैच आम हो गए हैं, लेकिन वे आमतौर पर दोपहर 1 या 2 बजे शुरू होते हैं और रात 8-9 बजे तक खत्म हो जाते हैं। हालांकि, पूरा मैच सूर्यास्त के बाद रोशनी में खेला जाना और आधी रात के बाद खत्म होना प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पहले कभी नहीं देखा गया है।

असामान्य समय के पीछे का कारण यह है कि खिलाड़ी रमजान के पवित्र महीने में उपवास रखते हैं। मैच इफ्तार के बाद शुरू होता है, जिसमें पहला सत्र स्थानीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से रात 9:30 बजे तक चलता है। 20 मिनट के चाय के ब्रेक के बाद, दूसरा सत्र स्थानीय समयानुसार रात 9:50 बजे शुरू होता है और रात 11:50 बजे समाप्त होता है। तीसरा और अंतिम सत्र स्थानीय समयानुसार रात 12:20 बजे शुरू होता है और खेल लगभग 2:30 बजे समाप्त होता है, ठीक उसी समय जब खिलाड़ी अपना सुबह का भोजन (सेहरी) करते हैं और अपना उपवास शुरू करते हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थी author

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और... और देखें

End of Article