क्रिकेट

MPL में पहली बार खिलाड़ियों की लगी बोली, IPL में तहलका मचाने वाला प्लेयर बना सबसे महंगा खिलाड़ी

जहां एक तरफ IPL 2026 का खुमार क्रिकेट प्रशंसकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। वहीं आईपीएल की तर्ज पर मध्यप्रदेश लीग (एमपीएल) में मंगलवार को पहली बार खिलाड़ियों की बोली लगाई गई। इस लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी आशुतोष शर्मा बने, जिन्हें 15 लाख की बोली लगाकर मालवा स्टैलियन्स ने अपनी टीम में लिया।

Image

आशुतोष शर्मा MPL (फोटो साभार- sharma.ashu007)

टी20 क्रिकेट की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर मध्यप्रदेश लीग (एमपीएल) में मंगलवार को पहली बार खिलाड़ियों की बोली लगाई गई और दायें हाथ के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा 15 लाख रुपये का मूल्य पाकर एमपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। एमपीएल की 10 पुरुष टीमों के लिए 244 खिलाड़ियों को नीलामी की प्रक्रिया में शामिल किया गया था। टीमों की फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के दौरान इंदौर में पूरी हुई इस प्रक्रिया में आशुतोष शर्मा को मालवा स्टैलियन्स ने 15 लाख रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर खरीदा। आशुतोष शर्मा IPL में भी खेल चुके हैं। वह पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपना हुनर दिखा चुके हैं।

आशुतोष वर्मा बने एमपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी

इसी तरह अक्षत रघुवंशी को रीवा जगुआर्स ने 13.80 लाख रुपये में अपने नाम किया। वहीं अनिकेत वर्मा को भोपाल लेपर्ड्स ने 13.20 लाख रुपये देकर अपने साथ जोड़ा। इसके अलावा शिवांग कुमार को बुंदेलखंड बुल्स ने 13 लाख रुपये की कीमत देकर अपनी टीम में शामिल किया। मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ यानि एमपीसीए के अध्यक्ष महान आर्यमन सिंधिया ने संवाददाताओं को बताया कि यह पहली बार है, जब एमपीएल में टीम चयन के लिए खिलाड़ियों की बोली लगाई गई है। आर्यमान सिंधिया ने कहा कि इससे सारी टीमों के फ्रेंचाइजी उत्साहित रहे और खिलाड़ियों को उनका बेहतर मूल्य मिला।

जून में शुरू होंगे MPL के मैच

लीग को लेकर अधिकारियों ने बताया कि एमपीएल के सभी मुकाबले जून के महीने में शुरू होंगे। ये सारे मुकाबले इंदौर शहर में खेले जाएंगे। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस बार एमपीएल में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें तीन नई टीमें शामिल हुई हैं। बता दें कि एमपीएल की विजेता टीम को सिंधिया कप दिया जाता है। इसके अलावा 50 लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है। वहीं उप विजेता टीम को 25 लाख रुपये की नकद राशि दिया जाता है। जानकारी के लिए बता दें कि एमपीसीए के बैनर तले खेली जाने वाली मध्य प्रदेश लीग की शुरुआत 2024 में ग्वालियर से की गई थी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article