Mohammed Siraj remembers Jasprit Bumrah: भारत ने इंग्लैंड को ओवल में खेले गए पांचवें और अंतिम टेस्ट में छह रन से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की और श्रृंखला को 2-2 से बराबर कर लिया। इस यादगार मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करने वाले मोहम्मद सिराज ने न केवल "मैन ऑफ द मैच" का पुरस्कार जीता, बल्कि भावनात्मक रूप से भी सभी का दिल छू लिया।
सिराज को खली बुमराह की अनुपस्थिति
मैच के बाद बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में मोहम्मद सिराज ने स्वीकार किया कि उन्हें अपने सीनियर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति बेहद खली। उन्होंने कहा कि "मुझे जस्सी (बुमराह) भाई की बहुत याद आई। अगर वो इस मौके पर हमारे साथ होते तो यह और भी खास होता। मैं खुद पर और जस्सी भाई पर हमेशा विश्वास रखता हूं।"बुमराह को कार्यभार प्रबंधन के तहत अंतिम टेस्ट से पहले टीम से रिलीज कर दिया गया था। ऐसे में सिराज ने तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी को बखूबी निभाया और दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
नौ विकेट लेकर चमके सिराज, बने 'मैन ऑफ द मैच'
पूरे मैच में सिराज ने कुल नौ विकेट अपने नाम किए। उनकी गेंदबाज़ी की बदौलत इंग्लैंड की दूसरी पारी लड़खड़ा गई और भारत को एक कठिन लेकिन ऐतिहासिक जीत मिली। सिराज की शानदार गेंदबाजी ने न केवल आलोचकों को जवाब दिया, बल्कि उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब भी दिलाया।उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि "हर बल्लेबाज, हर गेंदबाज जिसने इस सीरीज में योगदान दिया, वह सलामी के काबिल है। जिस तरह से हमने वापसी की, वह अविश्वसनीय था।"
ब्रुक का कैच छोड़ने के बाद बेचैन थे सिराज
मैच के चौथे दिन एक अहम मौके पर सिराज ने हैरी ब्रुक का कैच छोड़ दिया था। यह गलती उन्हें रातभर बेचैन करती रही। उन्होंने खुलासा किया कि इस गलती का पछतावा उन्हें चैन से सोने नहीं दे रहा था। उन्होंने कहा कि "जब मैं सोने गया, तो दिमाग में बार-बार वही चल रहा था कि मैंने वह कैच कैसे छोड़ दिया। अगर वह कैच पकड़ लिया होता, तो शायद हमें सोमवार को फिर से मैदान में उतरना ही न पड़ता।"
सोमवार को किस्मत ने दिया दूसरा मौका
हालांकि, जैसा कि सिराज ने खुद कहा, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने कहा कि"ऊपरवाले ने हमारे लिए कुछ और सोच रखा था। उसने हमें फिर से मैदान पर भेजा – और फिर हमने जो किया, वो सबने देखा।"सोमवार को सिराज ने जैसे अपनी पिछली गलती का प्रायश्चित किया। सुबह के सत्र में उन्होंने घातक स्पेल डालते हुए इंग्लैंड की उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया।
