क्रिकेट

भारतीय गेंदबाजी का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं सिराज, बोले-भारत के पूर्व कोच

भारत के पूर्व हेड कोच और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्रेग चैपल ने मोहम्मद सिराज को लेकर एक प्रतिक्रिया दी है जो शायद बुमराह के फैंस को अच्छी नहीं लगेगी। सिराज ने इंग्लैंड दौरे पर सर्वाधिक 23 विकेट लिए थे। ओवल में उन्होंने 9 विकेट लेकर टीम इंडिया को रोमांचक जीत दिलाई थी।

Image

मोहम्मद सिराज (साभार-BCCI)

तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने जिस तरह की गेंदबाजी बीते इंग्लैंड दौरे पर की उसने उनका कद बढ़ा दिया। अब फैंस और टीम मैनेजमेंट का भरोसा बुमराह के साथ-साथ उन पर भी पुख्ता हो चला है। लेकिन भारत के पूर्व हेड कोच और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्रेग चैपल का मानना थोड़ा अलग है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि मोहम्मद सिराज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण का ‘वास्तविक और आत्मिक’ अगुआ बनने के लिये तैयार हैं, भले ही जसप्रीत बुमराह टीम में हों या नहीं।

इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टेस्ट में भारत को छह रन से जीत दिलाकर श्रृंखला 2 . 2 से ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाने वाले सिराज ने आखिरी मैच में नौ और श्रृंखला में 23 विकेट लिये । उन्होंने पांच टेस्ट में 185 . 3 ओवर डाले। चैपल ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो के लिये अपने कॉलम में लिखा ,‘‘ सच कहूं तो उसने पहले भी कई शानदार प्रदर्शन किये हैं। एमसीजी पर, गाबा पर, पर्थ, लॉडर्स, केपटाउन और बर्मिंघम लेकिन ओवल पर जो किया, वह अद्भुत था। बुमराह के साथ या उसके बिना वह गिल के गेंदबाजी आक्रमण का आत्मिक और वास्तविक अगुआ बनने के लिये तैयार है।’’

भारतीय बल्लेबाजों ने पांच टेस्ट में 12 शतक लगाये लेकिन सिराज की गेंदबाजी सब पर भारी पड़ गई। चैपल ने लिखा ,‘‘ ऐसा कहना गलत नहीं होगा कि इतने शानदार बल्लेबाजी प्रयासों के बावजूद भारतीय टीम के श्रृंखला में प्रतिस्पर्धी होने का मुख्य कारण सिराज था।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ उसके प्रयासों से ज्यादा मुझे उसके भीतर एक गेंदबाज के तौर पर आये बदलाव ने प्रभावित किया। उसने एक जुनूनी गेंदबाज के रूप में शुरूआत की थी लेकिन अब वह ऐसी जुनूनी गेंदबाज है जिसके पास मकसद भी है। एक खिलाड़ी और एक अगुआ में यही फर्क होता है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article