क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम में सेलेक्ट नहीं हो पाने को मोहम्मद शमी ने बताई वजह, मांगी प्रशंसकों से माफी

टीम इंडिया में ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए सिलेक्ट नहीं हो पाने के बाद मोहम्मद शमी ने फैन्स और बीसीसीआई से माफी मांगी है। उन्होंने साथ ही टीम में चयन नहीं हो पाने की वजह भी साझा की है।

Image

मोहम्मद शमी

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • एक साल से चोट की वजह से टीम से बाहर हैं मोहम्मद शमी
  • ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया में सिलेक्ट होने में रहे नाकाम
  • घुटने में सूजन आने की वजह से नहीं हुआ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए चयन

नई दिल्ली: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने प्रशंसकों और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) से माफी मांगी है क्योंकि बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए उनकी वापसी में जल्दबाजी नहीं करने का फैसला किया है क्योंकि वह अभी तक मैच फिटनेस हासिल नहीं कर पाए हैं। शमी ने सर्जरी करवाने के बाद राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में अपना ‘रिहैबिलिटेशन’ पूरा किया। लेकिन उनके घुटनों में सूजन के कारण उनकी वापसी की योजना में रुकावट आई। हालांकि शमी ने हाल में घोषणा की थी कि उन्हें कोई दर्द नहीं है।

शमी ने माफी मांगते हुए जताया जल्दी वापसी का भरोसा

शमी ने इंस्टाग्राम पर अपनी ट्रेनिंग का एक वीडियो पोस्ट किया और कहा कि वह जल्द ही वापसी करेंगे। इस 34 वर्षीय गेंदबाज ने कहा,'मैं प्रयास कर रहा हूं और दिन-प्रतिदिन अपनी गेंदबाजी फिटनेस में सुधार कर रहा हूं। मैच के लिए तैयार होने और घरेलू लाल गेंद क्रिकेट खेलने के लिए कड़ी मेहनत करना जारी रखूंगा। सभी क्रिकेट प्रशंसकों और बीसीसीआई से भी माफी मांगता हूं। लेकिन बहुत जल्द मैं लाल गेंद क्रिकेट खेलने के लिए तैयार हूं,आप सभी को प्यार।'

नवंबर के पहले सप्ताह में खेल सकते हैं रणजी ट्रॉफी मुकाबला

शमी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने को तैयार है। उम्मीद है कि वह नवंबर के पहले सप्ताह में कर्नाटक के खिलाफ बंगाल के अगले रणजी ट्रॉफी मैच में खेलेंगे। उन्हें ऑस्ट्रेलिया में होने वाली पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए नहीं चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article