क्रिकेट

PAK vs ZIM: मोहम्मद वसीम ने विश्व कप के पहले ही मैच में मचाया धमाल, सबसे आगे निकले

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 27, 2022, 07:12 PM IST

Mohammad Wasim, Pakistan vs Zimbabwe, T20 World Cup 2022: पाकिस्तान और जिंबाब्वे के बीच पर्थ में टी20 विश्व कप 2022 के मुकाबले में पाकिस्तानी टीम ने मोहम्मद नसीम को मौका दिया और इस तेज गेंदबाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक खास कमाल कर दिखाया। उन्होंने एक बेहतरीन रिकॉर्ड बना डाला है।

Image

मोहम्मद वसीम

Photo : Twitter

ICC T20 World Cup 2022, Pakistan vs Zimbabwe (PAK vs ZIM): पाकिस्तान और जिंबाब्वे के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2022 के मुकाबले में पर्थ की पिच पर पाकिस्तानी टीम ने पहली हार से कुछ सीख लेते हुए इस मुकाबले में तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम को अपनी एकादश में शामिल किया। मोहम्मद वसीम ने इस विश्व कप में अपने पहले मौके को भुनाते हुए शानदार गेंदबाजी की और बेहतरीन अंदाज में फैंस का मनोरंजन किया।

मैच में जिंबाब्वे की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। लेकिन उनकी पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोते हुए सिर्फ 130 रन ही बना सकी। इसकी मुख्य वजह बने पाकिस्तानी पेसर मोहम्मद वसीम जिन्होंने अपनी शानदार गेंदबाजी से जिंबाब्वे के बल्लेबाजों को बेहाल करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

मोहम्मद वसीम ने पारी के अपने 4 ओवरों में 24 रन देकर 4 विकेट झटके। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ये इस 21 वर्षीय पाकिस्तानी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साबित हुआ। वसीम अपने 21वें टी20 मैच में खेल रहे थे। उन्होंने वेस्ले मेदवेर, सिकंदर रजा, ल्यूक जोंग्वे और ब्रैड इवेंस के विकेट लिए। उन्होंने इनमें से जोंग्वे और इवेंस को बोल्ड किया।

पिछले एक साल में सबसे आगे निकले

वसीम ने इस शानदार प्रदर्शन के साथ एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। पिछले एक साल में मोहम्मद वसीम ने 28 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लिए हैं। उन्होंने ये कमाल 18.21 की औसत से किया। पिछले एक साल में ये किसी भी पाकिस्तानी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ औसत है। ऐसे में तय है कि आने वाले दिनों में वो पाकिस्तानी टीम के नियमित सदस्य भी बन सकते हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article