क्रिकेट

इस घरेलू टूर्नामेंट के जरिए होगी मोहम्मद शमी की मैदान में वापसी, एक साल बाद खेलेंगे कोई मैच

भारत के स्टार तेज गेंदबाज टखने की चोट से उबरने के बार रणजी ट्रॉफी के जरिए मैदान में एक साल लंबे अंतराल के बीच वापसी कर सकते हैं। जानिए किस दिन खेला जाएगा वो मुकाबला?

Image

मोहम्मद शमी(साभार BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • मोहम्मद शमी रणजी ट्रॉफी के जरिए करेंगे मैदान में वापसी
  • बंगाल के लिए खेल सकते हैं सीजन का शुरुआती मैच
  • न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का बन सकते हैं हिस्सा

नई दिल्ली: टखने की सर्जरी के बाद रिहैबिलिटेशन (चोट से उबरने की प्रक्रिया) के दौर से गुजर रहे सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के रणजी ट्रॉफी में अपनी घरेलू टीम बंगाल के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने की संभावना है। वह इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला में किसी एक टेस्ट मैच में खेल सकते हैं।

रणजी ट्रॉफी के जरिए होगी मैदान में वापसी

समझा जाता है कि शमी 11 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश और 18 अक्टूबर को बिहार के खिलाफ बंगाल के शुरुआती दो रणजी मैचों में किसी एक मैच में खेल सकते है। इन दोनों मैचों के बीच सिर्फ दो दिन का समय है ऐसे में इस बात की संभावना कम है कि वह दोनों मैचों का हिस्सा होंगे। न्यूजीलैंड टेस्ट श्रृंखला 19 अक्टूबर से बेंगलुरु में शुरू होगी, उसके बाद पुणे (24 अक्टूबर) और मुंबई (एक नवंबर) में टेस्ट होंगे। ऑस्ट्रेलिया के मुश्किल दौरे पर जाने से पहले शमी के इनमें से एक मैच खेलने की उम्मीद है।

वनडे विश्व कप फाइनल के बाद से टीम से हैं बाहर

भारत के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक 34 साल के शमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले साल 19 नवंबर को अहमदाबाद में खेले गये एकदिवसीय विश्व कप फाइनल के बाद से टीम से बाहर हैं। इस साल फरवरी में इंग्लैंड में उनके टखने की सर्जरी हुई थी जिसके बाद वह छह महीने के लिए खेल से दूर हो गये थे।

एनसीए में शमी ने छोटे रनअप से शुरू की गेंदबाजी

इंस्टाग्राम पर साझा कुछ वीडियो में शमी बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में अपने आरटीपी रूटीन (खेल में वापसी) में छोटे रनआप के साथ कम गति वाली गेंदबाजी करते देखे गये हैं। ऐसी खबरें थीं कि वह दलीप ट्रॉफी के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। यह पता चला है कि दलीप ट्रॉफी के दौरान उनके फिट होने की कोई संभावना नहीं थी और चयनकर्ता जल्दबाजी कर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते हैं।

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए फिट रखना है प्राथमिकता

भारतीय टीम प्रबंधन की प्राथमिकता देश के शीर्ष तीन तेज गेंदबाजों (जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज) को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले पांच टेस्ट मैचों के लिए फिट रखना है। शमी ने अब तक 64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट लिये हैं। उन्होंने इस दौरान छह बार पारी में पांच विकेट चटकाये है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article