क्रिकेट

मोहम्मद नबी ने किया वनडे से संन्यास का ऐलान, इस टूर्नामेंट में खेलेंगे आखिरी मैच

मोहम्मद नबी ने किया वनडे क्रिकेट से संन्यास का ऐलान पाकिस्तान में आयोजित होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में खेलेंगे करियर का आखिरी मैच।

Image

मोहम्मद नबी

KEY HIGHLIGHTS
  • मोहम्मद नबी ने किया वनडे से संन्यास का ऐलान
  • चैंपियंंस ट्रॉफी में आखिरी मैच खेलने की जताई है इच्छा
  • अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के बाद की घोषणा

शारजाह: अफगानिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने घोषणा की है कि वह अगले साल पाकिस्तान में होने वाली चैंपियन्स ट्रॉफी के बाद एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेंगे। सोमवार को यहां बांग्लादेश पर अफगानिस्तान की एकदिवसीय श्रृंखला में 2-1 से जीत के बाद 39 साल के नबी ने कहा कि वह पिछले साल एकदिवसीय विश्व कप के बाद से इस प्रारूप को अलविदा कहने पर विचार कर रहे थे।

चैंपियंस ट्रॉफी होगी करियर का आखिरी टूर्नामेंट

श्रृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए नबी ने आधिकारिक प्रसारणकर्ता से कहा,'पिछले विश्व कप से मेरे दिमाग में था कि मैं संन्यास ले रहा हूं लेकिन इसके बाद हमने चैंपियन्स ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई कर लिया और मैंने सोचा कि अगर मैं इसमें खेलता हूं तो शानदार होगा।'

ऐसा रहा है नबी का वनडे करियर

नबी ने 2009 से 167 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 147 पारियों में 27.48 के औसत और 86.99 के स्ट्राइक रेट से 3,600 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 136 रन हैं। उन्होंने गेंदबाजी में 161 पारियों में 32.47 के औसत और 4.27 के इकोनॉमी रेट से 172 विकेट भी चटकाए हैं। उन्होंने चार बार पारी में चार विकेट और एक बार पांच विकेट हासिल किए हैं।

अफगानिस्तान ने किया है चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई

पिछले साल विश्व कप में छठे स्थान पर रहकर अफगानिस्तान ने चैंपियन्स ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई किया। अफगानिस्तान की टीम पहली बार आठ टीम के इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी जिसका आयोजन अगले साल फरवरी में पाकिस्तान में किया जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article