क्रिकेट

'कॉमन सेंस की कमी है'... ऋषभ पंत के लापरवाही भरे शॉट पर आउट होने से भड़के मोहम्मद कैफ

Mohammad Kaif on Rishabh Pant Dismissal: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भारत-श्रीलंका पहले टेस्ट मैच के दौरान ऋषभ पंत द्वारा एक बार फिर लापरवाही भरा शॉट खेलने को लेकर आलोचना की है। पंत मैच के अहम मौके पर 61 गेंदों पर सिर्फ 39 रन पर बनाकर एक खराब शॉट के कारण आउट हुए।

Image

ऋषभ पंत पर भड़के मोहम्मद कैफ (PTI/AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-श्रीलंका पहला टेस्ट मैच
  • ऋषभ पंत लापरवाही भरे अंदाज में आउट हुए
  • मोहम्मद कैफ ने पंत की आलोचना की

IND vs SL 1st Test: टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) एक बार फिर बल्लेबाजी के दौरान अपने गलत शॉट चयन को लेकर आलोचनाओं का शिकार हो रहे हैं। उनके करियर में ऐसा बार-बार होता रहा है और अब क्रिकेट विशेषज्ञ इस बात को लेकर आगबबूला होने लगे हैं क्योंकि सुधार कहीं नजर नहीं आ रहा है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ श्रीलंका में चल रहे पहले टेस्ट में पंत की लापरवाही भरी बल्लेबाजी से बेहद हताश नजर आए और अपनी निराशा उन्होंने खुलकर जाहिर भी की है।

मोहम्मद कैफ ने कहा कि उनकी बस यही शिकायत है कि श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में ऋषभ पंत को आक्रामक शॉट (आगे बढ़कर जोरदार शॉट) खेलने के बजाय 'कॉमन सेंस' का इस्तेमाल करना चाहिए था। कैफ के मुताबिक, दूसरे आक्रामक बल्लेबाज़ अपने खेलने का अंदाज़ बदले बिना भी भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज़ से कहीं बेहतर 'क्रिकेटिंग लॉजिक' दिखाते हैं। पंत को लेकर बहस कभी खत्म नहीं होती। वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अक्सर मिडिल ऑर्डर में खेलते हुए मैच का रुख बदला है और भारत को कई शानदार टेस्ट जीत दिलाने में मदद की है।

हालांकि, जब उनकी रणनीतियां काम नहीं करतीं तो निराशा होती है। उदाहरण के लिए, गॉल में 61 गेंदों में 39 रन पर बैटिंग करते हुए और देवदत्त पडिक्कल के साथ 71 रन की पार्टनरशिप के दौरान उन्होंने केशव नुवान्था के खिलाफ आक्रामक होने का फैसला किया, जो सफल नहीं रहा। किसी और दिन, उनके उस शॉट से श्रीलंका को भारत के निचले क्रम तक आसानी से पहुँचने का मौका मिल सकता था, लेकिन वह शॉट पूरी तरह से खेल के बहाव के खिलाफ था।

नई गेंद से पहला ओवर था

कैफ ने कहा, "ऋषभ पंत जिस तरह से आउट हुए, उसे लेकर मुझे कोई शिकायत नहीं है। वह ऐसे ही खेलते हैं, लेकिन शिकायत कॉमन सेंस की कमी को लेकर है। यह नई गेंद से पहला ओवर था। उस ओवर में वह तीन बार उछले। कॉमन सेंस कहता है कि कट शॉट खेलें। नई गेंद से पांच-छह ओवर तक खेल को समझें। टेस्ट मैच में यही परंपरा रही है। जो भी खिलाड़ी उनकी तरह खेलते हैं, वे भी कॉमन सेंस का इस्तेमाल करते हैं।"

पहली ही गेंद पर टूट पड़े

मोहम्मद कैफ ने कहा, "मुझे हैरानी हुई कि वो (ओवर की) पहली ही गेंद पर टूट पड़े। थोड़ा सोच-समझकर खेलना चाहिए। भले ही कोई बल्लेबाज़ 150 रन पर खेल रहा हो, लेकिन नई गेंद आने पर वह भी कुछ गेंदें संभलकर खेलता है। इस मामले में मैं उनके नंबर काटूंगा। सोच-समझ और क्रिकेट की समझ के मामले में वह काफी पीछे रह गए।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article