क्रिकेट

स्मृति मंधाना ने तोड़ा सर्वाधिक रनों का महारिकॉर्ड, तो क्यों इमोशनल हो गईं मिताली राज

Mithali Raj on Smriti Mandhana: मंधाना के नाम अब 10,880 रन हो गए हैं। इस लिस्ट में अब टॉप-5 में स्मृति मंधाना (10,880), मिताली राज (10,868), न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (10,740), इंग्लैंड की शार्लेट एडवर्ड्स (10,273) और वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर (10,007) हैं।

Image

स्मृति मंधाना (फोटो साभार- BCCI)

Mithali Raj on Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया है। महिला एशिया कप 2026 में हांगकांग के खिलाफ खेले गए ग्रुप-A के मुकाबले में मंधाना ने 64 गेंदों में 124 रनों की तूफानी पारी खेलकर महान मिताली राज के सबसे बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए मैच में मंधाना ने जैसे ही अपने करियर के 10,869वें रन पूरे किए, वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी फॉर्मेट मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। उन्होंने मिताली राज के 10,868 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।

मिताली राज ने दी भावुक बधाई

रिकॉर्ड टूटने के बाद महान क्रिकेटर मिताली राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्मृति को बधाई दी। मिताली ने लिखा, "Well deserved, Smriti! मैंने तुम्हें एक युवा खिलाड़ी से भारत की बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक बनते देखा है। तुम्हें मेरा रिकॉर्ड तोड़कर इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बनते देखना मेरे लिए गर्व का पल है। कई और रन और रिकॉर्ड के लिए शुभकामनाएं।"

मंधाना के नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड

अब मंधाना के नाम 10,880 रन हो गए हैं। इस लिस्ट में अब टॉप-5 में स्मृति मंधाना (10,880), मिताली राज (10,868), न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (10,740), इंग्लैंड की शार्लेट एडवर्ड्स (10,273) और वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर (10,007) हैं। अपनी इस 124 रनों की पारी में मंधाना ने 14 चौके और 7 छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने महिला T20 एशिया कप के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने श्रीलंका की चमारी अटापट्टू के 119* रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा, जो उन्होंने 2024 में बनाया था।यह मंधाना के T20I करियर का दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ 112 रन बनाए थे। वह हरमनप्रीत कौर के बाद तीन अंकों तक पहुंचने वाली दूसरी भारतीय महिला बनीं।

मैच में भारत की बड़ी जीत

मैच की बात करें तो स्मृति की इस पारी के दम पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 193/5 का स्कोर खड़ा किया। शेफाली वर्मा ने 28 रन का योगदान दिया। जवाब में हांगकांग की टीम 16.2 ओवर में सिर्फ 56 रन पर सिमट गई। भारत ने 137 रनों से मैच जीत लिया। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने 9 रन देकर 3 विकेट लिए।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article