न्यूज़ीलैंड के व्हाइट-बॉल कप्तान मिशेल सैंटनर ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ न्यूज़ीलैंड टीम के टेस्ट मैचों को प्राथमिकता देते हुए बिग बैश लीग का कॉन्ट्रैक्ट ठुकरा दिया है। एडिलेड स्ट्राइकर्स ने सैंटनर से संपर्क किया था, लेकिन न्यूज़ीलैंड के इंटरनेशनल मैचों की प्रतिबद्धताओं को देखते हुए उन्होंने यह ऑफ़र स्वीकार नहीं किया। सैंटनर ने 'न्यूज़ीलैंड हेराल्ड' से कहा, "जब हम आने वाले गर्मियों के सीज़न की ओर देखते हैं - जिसमें भारत के साथ व्हाइट-बॉल और टेस्ट मैच और ऑस्ट्रेलिया के साथ उनके देश में होने वाली सीरीज़ शामिल है - तो इससे बड़ी कोई चीज़ नहीं हो सकती; यह काफी रोमांचक समय है। मैं इसका हिस्सा बने रहना चाहता हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "ऑफर अच्छा था, मैं झूठ नहीं बोलूंगा। उन्हें पता था कि कॉन्ट्रैक्ट और आगे आने वाली चीजों को देखते हुए मेरे लिए ऑफर का अच्छा होना जरूरी था। मैंने इस बारे में सोचा जरूर था, लेकिन आगे आने वाले मैचों को देखते हुए, भले ही मैं टेस्ट क्रिकेट का हर मैच न खेलू, फिर भी मुझे लगता है कि मेरे लिए एक भूमिका है।" न्यूजीलैंड को 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक भारत के साथ पूरी सीरीज़ (जिसमें दो टेस्ट मैच शामिल हैं) खेलनी है, जिसके बाद वे ऑस्ट्रेलिया के साथ चार टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएंगे।
34 वर्षीय सैंटनर लीडरशिप की भूमिका में बने रहने के इच्छुक हैं और मानते हैं कि अपने करियर के इस पड़ाव पर नेशनल टीम के साथ जुड़े रहना ही बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा, "मैं कप्तानी नहीं छोड़ना चाहता। अगर यह डील का हिस्सा होता, तो मेरे लिए फ़ैसला लेना बहुत आसान होता। ऐसी बातचीत हुई थी कि यह काम कर सकता है। लेकिन मेरे लिए, बिना सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के कप्तानी करने की कोशिश करना, मुझे नहीं पता कि इस पड़ाव पर यह सही रहेगा या नहीं।"
न्यूज़ीलैंड के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ियों के लिए जनवरी में होने वाले 'सुपर स्मैश' में उपलब्ध रहना ज़रूरी है, जो कि अभी BBL और साउथ अफ़्रीका की SA20 लीग के साथ एक ही समय पर हो रहा है। न्यूज़ीलैंड के कई खिलाड़ियों ने इसके बजाय कैज़ुअल कॉन्ट्रैक्ट लिए हैं, जिससे उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए उपलब्ध रहते हुए विदेशी फ़्रैंचाइज़ी लीग में भाग लेने की ज़्यादा आज़ादी मिलती है।
सैंटनर ने कहा कि वह समझते हैं कि खिलाड़ी यह रास्ता क्यों चुन रहे हैं, खासकर इंटरनेशनल क्रिकेट और फ़्रैंचाइज़ी टूर्नामेंट के बीच पैसे के मामले में बड़े अंतर को देखते हुए। सैंटनर ने कहा, "जो खिलाड़ी कैज़ुअल डील ले रहे हैं, उन्हें लेकर कोई बुरा नहीं मानता। आजकल जो दूसरे मौके मिल रहे हैं, उनमें मिलने वाले पैसे की बराबरी हम नहीं कर सकते, लेकिन मैं अब भी न्यूज़ीलैंड क्रिकेट और आगे आने वाले समय का हिस्सा बने रहना चाहता हूं।"
