शहर

Vaishali News: बिहार में बड़ा हादसा, वैशाली के लालगंज में गिरा निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर, कई दबे

Vaishali News: बिहार के वैशाली में बड़ा हादसा हुआ है। वैशाली के लालगंज में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिर गया है।

Image

लालगंज में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरा

Vaishali News: बिहार के वैशाली जिले से बड़े हादसे की खबर आ रही है। वैशाली के लालगंज में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिर गया है। इस हादसे में कई लोग दब गए हैं। हादसे के बाद तुरंत घायलों को वहां से निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कुल कितने घायल?

मिली जानकारी के अनुसार लालगंज में भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे एनएचएआई के एनएच-139डब्ल्यू फोरलेन पथ पर गुरुवार को यह बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर अचानक गिर गया। हादसे में कई कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में छह घायल कर्मचारियों का इलाज किया गया, जबकि गंभीर स्थिति को देखते हुए दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

विपक्ष का हमला

हादसे के बाद विपक्ष के नेता एक बार फिर से सरकार पर हमलावर हो गए हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, "बिहार में फिर एक पुल गिरा! वैशाली जिले में भ्रष्टाचार के बोझ से फिर एक ओर निर्माणाधीन पुल गिर जाने से करीब आधा दर्जन मजदूरों के दबने और घायल होने की खबर है। कई मजदूरों की हालत गंभीर है। घटिया निर्माण सामग्री, खराब गुणवत्ता, मानकों की अनदेखी जांच में अनियमितता और एनडीए नेताओं का भ्रष्टाचारी किरदार ही निरंतर गिरते पुलों का मुख्य कारण है। उम्मीद के मुताबिक़ भ्रष्ट एनडीए सरकार फिर अपने भ्रष्टाचार की लीपापोती करेगी।"

जांच में जुटे अधिकारी

हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article