आईपीएल 2026 में खिलाड़ियों के चोटिल होने का सिलसिला जारी है। वहीं, कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं और टूर्नामेंट से बाहर भी हो गए हैं। इस फेहरिस्त में अब एक और नाम जुड़ गया है। इस बार जिस खिलाड़ी नाम चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट में जुड़ा है वो काफी नामी क्रिकेटर है और अपने देश की टीम का कप्तान है। हम बात कर रहे हैं न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) की।
न्यूजीलैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान मिशेल सैंटनर आईपीएल 2026 के दौरान कंधे में लगी चोट के कारण कम से कम एक महीने तक मैदान से बाहर रहेंगे। इस 34 वर्षीय कीवी खिलाड़ी को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 23 अप्रैल को खेले गए मैच के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं कंधे में चोट लग गई थी। गौरतलब है कि सैंटनर के चोटिल होने के बाद कनकशन सब्स्टटिट्यूट नियम का इस्तेमाल करते हुए शार्दुल ठाकुर को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था, जिस पर काफी हंगामा भी हुआ था, क्योंकि कनकनशन नियम सिर से जुड़ी चोट से संबंधित है जबकि साफ था कि सैंटनर को कंधे में चोट लगी थी। हालांकि बाद में मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने ने सफाई देते हुए कहा था कि रीप्ले में दिखा कि कंधे के अलावा उनका सिर भी जमीन से टकराया था और मैच रेफरी ने शार्दुल ठाकुर को उतारने के फैसले को हरी झंडी दी।
न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने शुक्रवार को कहा, "सैंटनर इस सप्ताह न्यूजीलैंड लौट आए हैं और आज सुबह एक विशेषज्ञ से मिले, जिन्होंने बताया कि उन्हें कम से कम एक महीने के आराम और ’रिहैबिलिटेशन’ की जरूरत है।"
सैंटनर ने आईपीएल मैच के दौरान जसप्रीत बुमराह की गेंद पर सीएसके के कार्तिक शर्मा का डाइव लगाकर कैच लिया, लेकिन इस दौरान उनके कंधे और सिर में चोट लग गई। इस कारण वह आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
एनजेडसी ने कहा, "दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच के लिए उनकी उपलब्धता पर फैसला बाद में किया जाएगा।" न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच एकमात्र चार दिवसीय टेस्ट मैच 27 मई को बेलफास्ट में शुरू होगा। इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स (4-8 जून), द ओवल (17-21 जून) और ट्रेंट ब्रिज (25-29 जून) में तीन टेस्ट मैच खेलेगी।
(भाषा इनपुट्स के साथ)
