क्रिकेट

आईपीएल को प्राथमिकता देने पर जोश हेजलवुड पर भड़के मिचेल जॉनसन

जोश हेजलवुड वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले बाकी साथी खिलाड़ियों के विपरीत जाकर भारत लौटे और आरसीबी के लिए फाइनल मैच में उतरे। उनके इस फैसले पर उनके पूर्व साथी खिलाड़ी ने हैरानी जताई है। जोश हेजलवुड की आलोचना करते हुए कहा कि इससे लोग उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठायेंगे।

Image

मिचेल जॉनसन (साभार-X)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल की बजाय इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को प्राथमिकता देने के लिए हमवतन जोश हेजलवुड की आलोचना करते हुए कहा कि इससे लोग उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठायेंगे। हेजलवुड उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के स्थगित होने के बाद दोबारा शुरू होने पर भारत लौटने का फैसला किया था।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार इस खिताब को जीता। हेजलवुड ने आईपीएल सत्र में 22 विकेट लिये। उन्होंने फाइनल में पंजाब के आक्रामक सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य को चलता किया। हेजलवुड लॉर्ड्स में खेले गए डब्ल्यूटीसी फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी के अहम खिलाड़ी थे। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस मैच में सिर्फ दो विकेट चटका पाये।

दक्षिण अफ़्रीका शनिवार को पांच विकेट की जीत के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। जॉनसन ने ‘वेस्ट ऑस्ट्रेलियन’ में लिखा, ‘‘हमने हाल के वर्षों में हेजलवुड की फिटनेस को लेकर समस्या देखी है। राष्ट्रीय टीम की तैयारियों के बजाय विलंबित इंडियन प्रीमियर लीग में वापसी को प्राथमिकता देने के उनके फैसले ने लोगों को चौंका दिया है।’’ जॉनसन ने खुद भी आईपीएल के छह सत्र का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने इस दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स, किंग्स इलेवन पंजाब (पंजाब किंग्स) और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article