IND vs ENG: मौजूदा क्रिकेट की दुनिया में कोई ऐसा मुद्दा नहीं होगा जिस पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने अपनी सलाह न देते हों। ऐसे में जब भारतीय क्रिकेट में विराट के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की खबरें चल रही हों तो वो खुद को कैसे पीछे रखते। फिर क्या था माइकल वॉन ने बिना मांगे बीसीसीआई को एक अच्छी-खासी सलाह दे दी। कभी-कभी उनकी सलाह पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर को अच्छी नहीं लगती है दोनों के बीच शब्दों के वाण भी शुरू हो जाते हैं, लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं हुआ है। दरअसल रोहित के संन्यास के फौरन बाद विराट कोहली के भी इस फॉर्मेट से विदाई की चर्चा शुरू हो गई। रिपोर्ट की मानें तो विराट अब इस फॉर्मेट में नहीं खेलना चाहते हैं और कुछ पूर्व क्रिकेटरों की मांग है कि वह लगातार अब भी खेलते रहें।
विराट के संन्यास पर वॉन की सलाह
माइकल वॉन ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से विराट को टेस्ट कप्तानी वापस सौंपने का आग्रह किया है। वॉन के अनुसार, इंग्लैंड दौरे पर गिल उप-कप्तान बने रह सकते हैं, जबकि कोहली टीम की अगुआई कर सकते हैं। वॉन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अगर मैं भारत होता तो इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज के लिए विराट को कप्तानी सौंपता... शुभमन गिल इस दौरे के लिए उनके उप-कप्तान हो सकते हैं।
दरअसल हाल ही में कोहली की टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की इच्छा की खबर से क्रिकेट जगत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। ब्रायन लारा और माइकल क्लार्क के अलावा कई पूर्व भारतीय क्रिकेटर विराट को ऐसा करने से रोकने के पक्ष में नजर आ रहे हैं। हालांकि, पीटीआई की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि चयन समिति ने इंग्लैंड में उन्हें नेतृत्व सौंपने की संभावना पर विचार कर रही है जिससे गिल को खुद को निखारने के लिए कुछ और समय मिल सके।
पीटीआई के मुताबिक बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, "यह सच है कि चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड सीरीज के लिए कोहली को भारत का कप्तान बनाने के बारे में सोचा था। इससे गिल को नेतृत्व की भूमिका में आने के लिए कुछ समय मिल जाता। बुमराह की फिटनेस समस्याओं के कारण गिल अजीत अगरकर की चयन समिति के लिए पहली पसंद हैं।"
इस बीच, टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कोहली ने बीसीसीआई से टेस्ट कप्तानी के लिए अनुरोध किया था, लेकिन बोर्ड ने मना कर दिया। कोच गौतम गंभीर भी ऐसे खिलाड़ियों का एक समूह चाहते हैं जिनके साथ वह लंबे समय तक काम कर सकें। टीम इंडिया के लिए पिछली दो टेस्ट सीरीज खराब रही थी और इंग्लैंड का दौरा काफी महत्वपूर्ण है।
