IPL 2024, MI vs RR Pitch Report Today Match: आज आईपीएल 2024 में रात 8 बजे से पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का मुकाबला एक बार की चैंपियन राजस्थान रॉयल्स से होगा। ये एक बड़ा मैच है क्योंकि एक तरफ हैं सर्वाधिक बार खिताब जीतने वाली मुंबई की टीम जो इस समय अंक तालिका में अंतिम स्थान पर है। वहीं दूसरी तरह है राजस्थान रॉयल्स की टीम जो शानदार प्रदर्शन के बाद अंक तालिका में तीसरे नंबर पर मौजूद है। इस मैच में तमाम ऐसे स्टार खिलाड़ी होंगे जिन पर फैंस की नजरें टिकी होंगी और ये इस सीजन में पहला मौका होगा जब मुंबई की टीम अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम पर खेलने उतरेगी। इस मैदान पर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के आंकड़े शानदार रहे हैं।IPL 2024, RCB vs LSG Live Cricket Score
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स की प्रतिद्वंद्विता काफी पुरानी रही है। तो एक बार इनके आंकड़ों पर गौर फरमा लेते हैं। अब तक मुंबई और राजस्थान की टीमें आईपीएल इतिहास में 27 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इन मुकाबलों में मुंबई इंडियंस का दबदबा देखा गया, उन्होंने 15 मैच जीते। जबकि राजस्थान की टीम भी ज्यादा पीछे नहीं है, उनके नाम 12 जीत दर्ज हैं। अब जान लेते हैं कि जब आज ये दोनों टीमें आईपीएल के 17वें संस्करण में पहली बार टकराएंगी तो पिच कैसी रहने वाली है।
मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स पिच रिपोर्ट (MI vs RR Pitch Report Today Match)
हार्दिक पांड्या की अगुवाई में मुंबई इंडियंस की टीम अब तक मौजूदा सीजन के अपने दोनों मैच हार चुकी है और अब वो पहली बार इस सीजन में अपने घर में खेलने जा रहे हैं। मुंबई की टीम इस चीज का फायदा उठाना चाहेगी जब वो राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलने उतरेगी। इस मैदान पर अब तक 109 आईपीएल मैच खेले जा चुके हैं। यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए एक अच्छा विकेट माना जाता है, ऐसे में यहां रनों की बारिश देखना तय मान सकते हैं। इस मैदान का सर्वाधिक स्कोर 235 रन मुंबई की टीम के नाम दर्ज है। जबकि सबसे छोटा स्कोर केकेआर (67 रन) के नाम है। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम औसत 169 रन बना लेती है। गेंदबाजों में यहां स्पिनर्स का दबदबा रहा है, हालांकि तेज गेंदबाज शुरुआती ओवरों में कुछ विकेट चटका जरूर सकते हैं।
इस ग्राउंड पर मुंबई और राजस्थान के आंकड़े (MI vs RR Stats At Mumbai)
अगर बात करें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर सिर्फ मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के पुराने आंकड़ों की, तो ये दोनों टीमें अब तक इस प्रतिष्ठित मैदान पर सबसे ज्यादा बार आमने-सामने आई हैं। मुंबई और राजस्थान के बीच वानखेड़े स्टेडियम पर 8 आईपीएल मैच खेले जा चुके हैं। इन आठ मैचों में 5 मैच मेजबान मुंबई की टीम ने जीते, वहीं तीन मुकाबले राजस्थान की टीम ने भी जीत हासिल की है। पिछले साल जब ये दोनों टीमें इस मैदान पर आमने-सामने आई थीं तब यशस्वी जायसवाल (124 रन) की शानदार पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने 7 विकेट पर 212 रन बनाए थे। हालांकि इतने शानदार प्रदर्शन के बावजूद राजस्थान को हार का सामना करना पड़ा क्योंकि मुंबई ने 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
