क्रिकेट

आईपीएल का 51वें मैच, एमआई और केकेआर

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में आज 51वां मुकाबला होगा। इस मैच में मुंबई इंडियंस की टक्कर कोलकाता नाइट राइडर्स से होगी। मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। ये मुकाबला मुंबई इंडियंस के लिए काफी अहम है क्योंकि अगर वे हारे तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे। यहां हम जानेंगे कैसे है वानखेड़े स्टेडियम का रिकॉर्ड और क्या कहते इस मैदान पर इन दोनों टीमों के आंकड़े।

Image

मुंबई-कोलकाता मैच पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2024 में आज होगा 51वां मुकाबला
  • मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच टक्कर
  • ये मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा

आज टी20 क्रिकेट में दुनिया की सबसे बड़ी लीग आईपीएल में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) और कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के बीच मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में आयोजित होने जा रहा है। इस मैच में अगर मुंबई इंडियंस की टीम को हार मिली तो आईपीएल 2024 प्लेऑफ के लिए उनके रास्ते बंद हो जाएंगे। उन्हें ना सिर्फ ये मैच जीतना है बल्कि बाकी बचे अपने सभी मुकाबले बड़े अंतर से जीतने के साथ-साथ अन्य टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। इस सीजन में ये मुंबई और कोलकाता का पहला मैच होगा।

मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच आज खेले जाने वाले आईपीएल 2024 के बड़े मैच से पहले जानते हैं कि अब तक आईपीएल इतिहास में इन दोनों टीमों की कितनी बार टक्कर हो चुकी है और कौन सी टीम का पलड़ा भारी रहा है। अब तक मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच 32 आईपीएल मैच खेले जा चुके हैं। इन मैचों में मुंबई का पलड़ा काफी भरा रहा है क्योंकि मुंबई इंडियंस ने 23 मैच जीते हैं, जबकि कोलकाता की टीम सिर्फ 9 बार मुंबई को हरा सकी है। आज के मुकाबले की बात करें तो दोनों टीमों के कई स्टार क्रिकेटर्स पर नजरें रहने वाली हैं। मुंबई इंडियंस की तरफ से पूर्व कप्तान व ओपनर रोहित शर्मा (Rohit Sharma), ईशान किशन (Ishan Kishan), जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah), सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) और टिम डेविड (Tim David) से उम्मीदें रहेंगी। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए दोनों ओपनर्स फिल सॉल्ट (Phil Salt) और सुनील नरायन (Sunil Narine) से सबसे ज्यादा उम्मीदें होंगी। इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy), आंद्रे रसेल (Andre Russell) और टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) के प्रदर्शन पर निगाहें टिकी होंगी।

आज इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें संस्करण में मुंबई और कोलकाता के बीच खेला जाने वाला बड़ा मुकाबला मुंबई इंडियंस के घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान की पिच बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों के लिए फायदेमंद साबित होती आई है। अब तक इस सीजन में वानखेड़े स्टेडियम पर चार मुकाबले खेले गए हैं। यहां पहला मैच तो काफी कम रनों वाला रहा था, लेकिन उसके बाद खेले गए मैचों की दोनों पारियों में जमकर रन बरसे। तीन पारियों में आंकड़ा दो सौ रन के पार गया, जबकि आरसीबी-मुंबई मैच में मुंबई इंडियंस ने 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज कर ली थी। इन सभी मैचों में कोई भी पारी में गेंदबाज विरोधी टीम को ऑल-आउट नहीं कर पाए हैं।

मुंबई का प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम कई ऐतिहासिक मुकाबलों का गवाह रहा है, उसमें कुछ मैच मुंबई इंडियंस और केकेआर के भी शामिल रहे। इस मैदान पर अगर इन दोनों टीमों के आंकड़ों की बात करें तो अब तक यहां मुंबई और कोलकाता के बीच 10 आईपीएल मैच खेले जा चुके हैं जिसमें 9 मैच मेजबान मुंबई इंडियंस ने जीते हैं और कोलकाता नाइट राइडर्स यहां आज तक सिर्फ एक ही मैच जीत पाई है। वानखेड़े स्टेडियम पर मुंबई और कोलकाता की टीमों के बीच आखिरी बार टक्कर पिछले आईपीएल सीजन में हुई थी। उस मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 185 रन बनाए थे। जवाब में उतरी मुंबई इंडियंस ने सिर्फ 17.4 ओवर में लक्ष्य हासिल करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की थी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article