एशेज से पहले ऑस्ट्रेलिया महिला टीम को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल आस्ट्रेलिया की कप्तान मेग लैनिंग मेडिकल कारणों से इंग्लैंड में होने वाले एशेज क्रिकेट श्रृंखला से बाहर हो गईं हैं। क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि लैनिंग ने मेडिकल सलाह के बाद इस महत्वपूर्ण क्रिकेट श्रृंखला से बाहर होने का फैसला किया है। हालांकि, इससे ज्यादा उनको लेकर कोई अधिक जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने चार महीने की ब्रेक के बाद बीते जनवरी में क्रिकेट में वापसी की थी। ऑस्ट्रेलिया ने उनकी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप जीता था।
इसके बाद वह भारत में हुए ऐतिहासिक WPL लीग का भी हिस्सा थी। वह दिल्ली टीम की कप्तानी कर रही थी। हालांकि, वह अपनी टीम को फाइनल नहीं जीता पाईं और रनर-अप के तौर पर फिनिश किया।
लैनिंग के बाहर होने पर ऑस्ट्रेलिया की प्रतिक्रिया
आस्ट्रेलिया के महिला क्रिकेट परफार्मेस के प्रमुख शॉन फ्लेगलेर ने कहा ,‘यह मेग के लिये निराशाजनक है कि वह एशेज नहीं खेल पाएंगी। टीम के लिये यह अहम श्रृंखला है और उनकी कमी खलेगी। लेकिन उसे पता है कि सेहत सबसे पहले है। वह घर पर मेडिकल स्टाफ के साथ काम करेंगी और जल्दी वापसी की कोशिश करेंगी।’ उनकी गैर मौजूदगी में विकेटकीपर बल्लेबाज एलिसा हीली टीम की कप्तान होंगी। श्रृंखला 22 जून से नॉटिंघम में शुरू होगी।
