पल्लेकल: आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलने वाले श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मशीथा पथिराना ने भारत के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए विकेटों का चौका जड़ दिया। पथिराना ने 4 ओवर में 40 रन देकर 4 विकेट चटकाए और अपनी टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे।
पथिराना ने 40 रन देकर चटकाए 4 विकेट
भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 213 रन का स्कोर खड़ा किया। सू्र्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 58 रन की पारी खेली। वहीं ऋषभ पंत ने 49, यशस्वी जायसवाल ने 40 और शुभमन गिल ने 34 रन की पारी खेली। पथिराना ने बीच के ओवरों में गेंदबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को बांधने की कोशिश की और विकेट चटकाए लेकिन रनों की रफ्तार को रोकने में नाकाम रहे।
पथिराना रहे श्रीलंका के सबसे सफल गेंदबाज
पथिराना ने भारत के गिरे सात में से चार विकेट अपने नाम किए। उन्होंने सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, रियान पराग और हार्दिक पांड्या के विकेट अपने नाम किए। पांड्या को पथिराना ने शानदार यॉर्कर पर बोल्ड करके पवेलियन वापस भेजा। पथिराना के अलावा श्रीलंका के लिए दिलशान मधुशंका, असिता फर्नांडो, वनिंदु हसरंगा ने 1-1 विकेट हासिल किया।
