क्रिकेट

IPL 2024: चेन्नई सुपर किंग्स ने किया ऐलान स्वदेश वापस लौटेगा एक और विदेशी गेंदबाज

Matheesha Pathirana Injury: चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे से एक बुरी खबर आई है। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना ने चोट की वजह से स्वदेश लौटने का फैसला किया है। उनकी सेवाएं टूर्नामेंट में अब आगे नहीं मिलेंगी।

Image

मथीसा पथिराना(साभार CSK)

KEY HIGHLIGHTS
  • हैमस्ट्रैंग की चोट से उबर रहे हैं पथिराना
  • रिकवरी के लिए स्वदेश लौटने का किया फैसला
  • सीएसके का दूसरा विदेशी बॉलर स्वदेश लौटा

धर्मशाला: आईपीएल 2024 में रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में संघर्ष कर रही पांच बार की चैंपियन और डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक और बुरी खबर आई है। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की सेवाएं टूर्नामेंट में आगे सीएसके को नहीं मिल सकेगी। जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से पथिराना पिछले कुछ मैचों से सीएसके के लिए मैदान पर नहीं उतरे थे। इसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। ऐसे में अब सीएसके ने आधिकारिक तौर पर पथिराना के रिकवरी के लिए स्वदेश वापस लौटने का ऐलान किया है।

पथिराना से पहले स्वदेश लौट चुके हैं मुस्तफिजुर रहमान

पथिराना टूर्नामेंट को बीच में छोड़कर स्वदेश वापस लौटने वाले दूसरे विदेशी गेंदबाज हैं। इससे पहले बांग्लादेश के बांए हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान जिंबाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में शिरकत करने के लिए स्वदेश लौट चुके हैं। अब पथिराना भी वापस लौट रहे हैं। पथिराना का प्रदर्शन टूर्नामेंट में शानदार रहा है। टूर्नामेंट में खेले 6 मैच में पथिराना ने 7.68 की इकोनॉमी से 13 विकेट अपने नाम किए। आखिरी के ओवरों में पथिराना चेन्नई की गेंदबाजी की ताकत थे। वहीं मुस्तफिजुर रहमान ने 9 मैच में 22.71 के औसत और 9.26 की इकोनॉमी से 14 विकेट अपने नाम किए थे। वो टूर्नामेंट में चेन्नई के सबसे सफल गेंदबाज अभी भी बने हुए हैं। उनके बाद दूसरे पायदान पर पथिराना 13 विकेट के साथ थे।

जल्द स्वस्थ होने की सीएसके ने की कामना

चेन्नई सुपर किंग्स ने पथिराना के स्वदेश वापस लौटने का आधिकारिक तौर पर ऐलान करते हुए कहा, हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना रिकवरी के लिए श्रीलंका लौटेंगे। इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने आईपीएल 2024 में छह मैच खेले और 7.68 की इकॉनमी से 13 विकेट लिए। चेन्नई सुपर किंग्स पथिराना के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article