क्रिकेट

IPL से लगभग बाहर हो चुकी लखनऊ के कप्तान का बचाव करने आए कोच जस्टिन लैंगर, जानिए क्या कहा

LSG Coach Justin Langer Defends Captain Rishabh Pant: लखनऊ सुपर जायंट्स के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि 27 करोड़ रुपये की कीमत हमेशा अच्छे प्रदर्शन की गारंटी नहीं देती, लेकिन ऋषभ पंत को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीम की कप्तानी करने से पड़ने वाले दबाव का सामना करना पड़ रहा है।

Image

ऋषभ पंत

Photo : AP

लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि 27 करोड़ रुपये की कीमत हमेशा अच्छे प्रदर्शन की गारंटी नहीं देती, लेकिन ऋषभ पंत को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीम की कप्तानी करने से पड़ने वाले दबाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह बात तब कही जब उनकी टीम प्ले-ऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल मैच में पंत एलएसजी के उन बल्लेबाजों में शामिल थे जो निकोलस पूरन (63) और मिचेल मार्श (44) से मिली अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए। एलएसजी का स्कोर आठ ओवर में एक विकेट पर 123 रन था लेकिन आखिर में उसकी टीम पांच विकेट पर 228 रन ही बना पाई और उसे छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

एलएसजी ने पंत को मोटी धनराशि में अपनी टीम से जोड़ा था लेकिन वह पिछले सत्र की तरह इस सत्र में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।

लैंगर ने एलएसजी की हार के बाद यहां पत्रकारों से कहा, "मुझे नहीं लगता कि इसका किसी तरह की धनराशि से कोई संबंध है। कप्तान का पद संभालना आसान नहीं होता है और उन पर काफी दबाव रहता है। वह लगातार अपनी तरफ से अच्छा प्रयास कर रहा है और कड़ी मेहनत कर रहा है।"

उन्होंने कहा, "जब हम उसे मुस्कुराते हुए और जोशीले अंदाज में खेलते हुए देखते हैं तो हमें बहुत अच्छा लगता है। वह फॉर्म में वापसी करने से ज्यादा दूर नहीं है।" लैंगर ने कहा कि पंत चुनौतियों का डटकर सामना करते रहेंगे। उन्होंने कहा, "हमने दो दिन पहले यहां एक अभ्यास मैच खेला था और पंत ने लगभग 40 या 30 गेंदों में 95 रन बनाए थे। उसे देखकर लगता है कि यह ऋषभ पंत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।"

लैंगर ने कहा, "हमने उन्हें टेस्ट क्रिकेट में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए दूसरी टीम पर हावी होते हुए देखा है। उन्होंने दो दिन पहले जिस तरह से बल्लेबाजी की वह टीम के लिए अच्छा संकेत है। उम्मीद है कि वह आगे हमें मैच जिताएंगे।"

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव को सकारात्मक करार दिया। पूरन भी खराब दौर के बाद फॉर्म में लौट गए हैं।उन्होंने कहा, "हमने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया क्योंकि आप सही संयोजन तैयार करने की कोशिश करते हैं और देखते हैं कि टीम के लिए सबसे अच्छा तरीका कौन सा है। अगर आप जीत रहे हैं, तो हर कोई कहता है कि संयोजन सही है। आज हमारी बल्लेबाजी का सकारात्मक पहलू निकी पूरन थे।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article