क्रिकेट

IND vs NZ: इकाना के पिच क्यूरेटर पर गिरी गाज, आईपीएल के लिए किया जाएगा बड़ा बदलाव

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 31, 2023, 11:20 AM IST

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी20 मैच लखनऊ में खेला गया था। स्पिन फ्रैंडली इस मैच में कुल 200 रन बने थे और 12 विकेट गिरे थे। इस पिच को लेकर टीम इंडिया के कप्तान हार्दिक पांड्या और पूर्व भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज गौतम गंभीर ने भी आलोचना की थी।

Image

इकाना क्रिकेट स्टेडियम लखनऊ

Photo : Twitter

T20I क्रिकेट बल्लेबाजों का गेम माना जाता है। क्रिकेट के इस छोट फॉर्मेट में चौके और छक्कों का रोमांच ही है कि लोग स्टेडियम में खींचे चले आते हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 मैच में भी पूरा स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा था, लेकिन फैंस को इस मैच में निराशा हुई। फटाफट क्रिकेट में फैंस को पूरे मैच के दौरान एक भी छक्का नसीब नहीं हुआ। लो-स्कोर वाले इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम केवल 99 रन ही बना पाई, जिसे हासिल करने में टीम इंडिया को भी खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि, सूर्या और हार्दिक की साझेदारी के दम पर टीम इंडिया इस मैच को जीतने में सफल रही।

मैच के बाद पिच की हुई थी आलोचना

मैच के बाद टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या के अलावा भारत के पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज गौतम गंभीर ने भी इकाना के इस पिच की आलोचना की थी और कहा था कि यह पिच टी20 क्रिकेट के लिए सही नहीं थी। अब रिपोर्ट्स की मानें तो पिच क्यूरेटर पर गाज गिरी है और उन्हें हटा दिया गया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच इकाना में खेले गए इस मैच में कुल 200 रन बने थे और 12 विकेट गिरे थे।

स्पिन गेंदबाजों को इस पिच पर ऐसी टर्न मिली थी जो समान्य तौर पर टी20 क्रिकेट में नहीं देखी जाती है। यही कारण है कि टीम इंडिया इस मैच में जहां 3 प्रमुख स्पिन गेंदबाजों के साथ उतरी थी तो न्यूजीलैंड ने केवल 3 ओवर अपने तेज गेंदबाजों से डलवाए थे।

IPL 2023 के लिए बनेगी नई पिच

इतना ही नहीं आईपीएल 2023 के रोमांच में किसी तरह की कमी नहीं आए इसको लेकर लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच को बिल्कुल नए सिरे से तैयार किया जाएगा, जिससे कि फैंस को क्रिकेट के इस फॉर्मेट का पूरा आनंद मिले। आपको बता दें कि कई साल बाद आईपीएल इस बार होम और अवे फॉर्मेट पर खेला जाएगा और लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए यह होम पिच होगी। ऐसे में लखनऊ की टीम नहीं चाहती है कि उन्हें पिच को लेकर किसी तरह की समस्या का सामना करना पड़े।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article