Angkrish Raghuvanshi Out Obstructing The Field: आईपीएल 2026 का 38वां मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हो रहा है। इस मुकाबले में केकेआर के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को अंपायर द्वारा 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' आउट दिया गया। जिस पर बवाल मच गया है। इस फैसले से ना अंगकृष रघुवंशी खुश थे और ना ही केकेआर के कोच अभिषेक नायर खुश दिखे। अंगकृष रघुवंशी ने पवेलियन लौटने से पहले अंपायर से बहस की। जबकि बाउंड्री लाइन पर केकेआर के कोच कोच अभिषेक नायर भी चौथे अंपायर से बात करते दिखे।
क्या होता है 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड'
केकेआर की पारी का पांचवां ओवर शुरू हुआ। यह ओवर फेंकने के लिए लखनऊ के गेंदबाज प्रिंस यादव आए। इसी ओवर की आखिरी गेंद को अंगकृष रघुवंशी ने मिड ऑन की तरफ खेला। सबसे पहले वह इस गेंद पर सिंगल लेना चाहते थे और दौड़कर थोड़ी दूर तक आए भी। हालांकि, नॉन स्ट्राइक एंड पर खड़े कैमरून ग्रीन ने खतरा देखते हुए उन्हें वापस भेज दिया। इसके बाद मोहम्मद शमी ने गेंद को विकेटकीपर की तरफ थ्रो किया। यह गेंद अंगकृष रघुवंशी को जा लगी। इसके बाद लखनऊ ने अपील की और माना कि वह जानबूझकर गेंद के रास्ते पर आए। इसके बाद मैदानी अंपायर ने थर्ड अंपायर की तरफ इशारा किया।
नाराज दिखे अंगकृष रघुवंशी
थर्ड अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद माना कि अंगकृष रघुवंशी ने वापस लौटते समय अपनी लाइन बदली और जानबूझकर गेंद की लाइन में आ गए। इस कारण थर्ड अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया। अंपायर के इस फैसले से रघुवंशी काफी नाराज दिखे। डगआउट की तरफ जाने के दौरान उन्होंने अपना बैट और हेलमेट फेंक दिया। अंगकृष रघुवंशी को ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड आउट दिए जाने को लेकर KKR के खेमे में नाराजगी साफ दिखाई दी। हेड कोच अभिषेक नायर ने जहां तुरंत चौथे अंपायर से बात की वहीं, जबकि सहायक कोच शेन वॉटसन भी इस निर्णय पर हैरान दिखे।
IPL में कितने प्लेयर हो चुके हैं इस नियम से आउट
IPL में अब तक ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड के कारण अंगकृष रघुवंशी को लेकर 4 खिलाड़ी आउट हो चुके हैं। सबसे पहले साल 2013 में यूसुफ पठान पुणे वॉरियर्स के खिलाफ रांची में आउट हुए थे। उसके बाद साल 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अमित मिश्रा विजाग में, साल 2024 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रवींद्र जडेजा चेन्नई में और अब अंगकृष रघुवंशी लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लखनऊ में इस नियम से आउट हो चुके हैं।
