क्रिकेट

DC vs KKR Highlights: कोलकाता के खिलाफ घर में दिल्ली ने चखा जीत का स्वाद

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Apr 21, 2023, 12:36 AM IST

IPL 2023, DC vs KKR Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग के 28वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 4 विकेट से हराया। इसी जीत के साथ दिल्ली ने घरेलू मैदान जीत का स्वाद भी चखा। बारिश के कारण 1.15 मिनट देरी से टॉस हुआ था। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था।

Image

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी।

Photo : AP

IPL 2023, DC vs KKR Highlights: आईपीएल के 16वें सीजन में गुरुवार को खेले गए डबल हेडर के दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरकार जीत का स्वाद चख लिया। लगातार पांच हार के बाद गुरुवार को दिल्ली ने अपने घरेलू मैदान पर कोलकाता नाइटराइडर्स को 4 विकेट से हराया। दिल्ली की यह मौजूदा सीजन में पहली जीत है। बारिश के कारण तय समय पर टॉस नहीं हो सका। डेढ़ घंटे की देरी यानी 8.15 बजे टॉस हुआ। दिल्ली कैपिटलस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 8.30 बजे कोलकाता की टीम बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी। पहले खेलते हुए कोलकाता की टीम 127 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में खेलने उतरी दिल्ली की टीम ने 4 गेंद शेष रहते हुए 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

कोलकाता की पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स ने 20 ओवर में 127 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 96 रन पर टीम के 9 खिलाड़ी आउट हो चुके थे, लेकिन आंद्रे रसेल और वरुण चक्रवर्ती ने शानदार साझेदारी कर टीमो को 127 रन तक पहुंचाया। पारी की आखिरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती रन आउट हो गए। जेसन रॉय ने 110.25 की स्ट्राइक रेट से 30 गेंदों पर 5 चौके और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए। इसके बाद आंद्रे रसेल ने नाबाद 38 रन की पारी खेली। वहीं, वेंकटेश अय्यर, लिटन दास, रिंकू सिंह सहित अन्य खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। दिल्ली के इशांत शर्मा, अनरिक नॉर्खिया, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट झटके।

दिल्ली की पारी

जवाब में खेलने उतरी दिल्ली की टीम ने 4 गेंद शेष रहते हुए 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के कप्तान डेविड वॉर्नर ने कप्तानी पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाए। वॉर्नर ने 139.02 की स्ट्राइक रेट से 41 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। इम्पैक्ट खिलाड़ी के रूप में बल्लेबाजी करने आए पृथ्वी शॉ एक बार फिर असर दिखाने में बेअसर रहे। वे 13 रन पर आउट हो गए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मनीष पांडेय ने 21 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाए। अक्षर पटेल और ललित यादव ने दिल्ली को पहली जीत दिलाई। अक्षर ने 19 रन, जबकि ललित ने 4 रन की नाबाद पारी खेली। कोलकाता के वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय और नीतिश राणा ने दो-दो विकेट लिए।

हेड टू हेड में कोलकाता का पलड़ा भारी

हेड टू हेड की बात करें तो इसमें कोलकाता नाइटराइडर्स का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच कुल 31 मैच खेले गए हैं। इसमें कोलकाता नाइटराइडर्स को 16 मैचों में, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को 14 मैचों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच एक मुकाबले का परिणाम नहीं निकल सका था। दिल्ली का कोलकाता के खिलाफ हाईएस्ट स्कोर 228 रन है, जबकि कोलकाता का दिल्ली के खिलाफ हाईएस्ट स्कोर 210 रन रहा है।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग-11:

डेविड वार्नर (कप्तान), फिलिप साल्ट (विकेटकीपर), मिचेल मार्श, मनीष पांडे, अक्षर पटेल, अमन खान, ललित यादव, कुलदीप यादव, ऑनरिक नार्खिया, इशांत शर्मा, मुकेश कुमार।

कोलकाता नाइटराइडर्स की प्लेइंग-11:

वेंकटेश अय्यर, लिटन दास (विकेटकीपर), जेसन रॉय, सुनील नरेन, नीतीश राणा (कप्तान), रिंकू सिंह, मनदीप सिंह, आंद्रे रसेल, वरुण चक्रवर्ती, उमेश यादव, कुलवंत खेजरोलिया।

DC vs KKR के बीच मैच कब और कहां देखें?

दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच इस मैच का सीधा प्रसारण आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा आप इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग हॉटस्टार और जियो सिनेमा एप पर देख सकते हैं। फैंस इस मैच की कॉमेंट्री 12 अलग-अलग भाषाओं में सुन सकते हैं।

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article