IPL 2023, PBKS vs RR Highlights: आईपीएल के 66वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हरा दिया। राजस्थान के सामने जीत के लिए 188 रन का लक्ष्य था जो उसने आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। राजस्थान को आखिरी ओवर में 9 रन की दरकार थी और ध्रुव जुरेल ने छक्का जड़ कर अपनी टीम को जीत दिला दी।
राजस्थान की तरफ से यशस्वी जायसवाल और देवदत्त पाडिक्कल ने अर्धशतकीय पारी खेली। यशस्वी ने 36 गेंद में 50 जबकि पाडिक्कल ने 30 गेंद में 51 रन की तेज-तर्रार पारी खेली। इसके अलावा हेटमायर ने 28 गेंद पर 46 रन की पारी खेली। इससे पहले पंजाब किंग्स ने राजस्थान के सामने 188 रन का लक्ष्य रखा था। पंजाब की तरफ से सैमकरन ने सर्वाधिक 49 रन बनाए जबकि जितेश शर्मा ने 44 और शाहरुख खान ने 41 रन की पारी खेली।
पंजाब किंग्स की पारी
इससे पहले पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सैम करन के 49 और शाहरुख खान के नाबाद 41 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। इन दोनों के अलावा युवा विकेट कीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने 28 गेंद पर 44 रन की विस्फोटक पारी खेली। हालांकि पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और राजस्थान के गेंदबाजों के सामने टीम केवल 50 रन के स्कोर पर अपने टॉप चार बल्लेबाजों को खो चुकी थी।
लेकिन पहले जितेश शर्मा और सैम करन ने 5वें विकेट के लिए 64 रन जोड़े और फिर छठे विकेट के लिए करन और शाहरूख ने 73 रन की साझेदारी कर पंजाब को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।
