क्रिकेट

KKR vs PBKS Highlights, IPL 2023: आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह की विस्फोटक पारी से जीता कोलकाता, प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बरकरार

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated May 9, 2023, 12:07 AM IST

IPL 2023 KKR vs PBKS Highlights : आईपीएल के 53वें मैच में कोलकाता नाईट राइडर्स ने पंजाब किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया। आखिरी गेंद तक चले इस मैच में एक बार फिर रिंकू सिंह ने अपनी टीम कोलकाता को जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही कोलकाता प्वाइंट्स टेबल में 5वें नंबर पर पहुंच गई है।

Image

रिंकू सिंह और आंद्रे रसेल

Photo : Twitter

IPL 2023, KKR vs PBKS Highlights: आईपीएल के 53वें मैच में कोलकाता नाईट राइडर्स ने पंजाब किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया। जीत के लिए कोलाकाता के सामने 180 रन का लक्ष्य था, जो आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह की विस्फोटक पारी के दम पर उसने 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। आखिरी ओवर में कोलकाता को 6 रन की दरकार थी, लेकिन अर्शदीप ने शानदार गेंदबाजी की और मुकाबले को आखिरी गेंद तक ले गए।

लेकिन एक बार फिर रिंकू सिंह ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर कोलकाता को दो अंक दिला दिया। इस जीत के साथ ही कोलकाता ने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद को जिंदा रखा है। कोलकाता की तरफ से सर्वाधिक 51 रन की पारी कप्तान नीतीश राणा ने खेली। इससे पहले पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान शिखर धवन के 57 और जितेश शर्मा के 21 रन की पारी के दम पर कोलकाता के सामने 180 रन का लक्ष्य रखा। आखिरी ओवर में पंजाब ने 21 रन बनाए। कोलकाता की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने 3 और हर्षित राणा ने 2 विकेट चटकाए।

कोलकाता नाईट राइडर्स की पारी

180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केवल 38 रन के स्कोर पर उसने अपना पहला विकेट गंवा दिया। गुरबाज 12 गेंद में 15 रन बनाकर नाथन एलिस का शिकार बने। इसके बाद कप्तान नीतीश राणा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 38 गेंद में 51 रन बनाए, लेकिन आखिर के कुछ ओवरों में जब कोलकाता को तेजी से रन बनाने की दरकार थी तो आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह ने 27 गेंद में ताबड़तोड़ 54 रन की साझेदारी की। आंद्रे रसेल 23 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिंकू सिंह ने 10 गेंद पर नाबाद 21 रन की पारी खेली।

पंजाब किंग्स की पारी

पंजाब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। 21 रन के स्कोर पर पंजाब ने अपना पहला विकेट प्रभसिमरन के तौर पर गंवाया। उन्होंने 8 गेंद में 12 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए आए भानुका राजपक्षे अपना खाता भी नहीं खोल पाए। तीसरे विकेट के लिए लिविंगस्टन और धवन ने 24 रन जोड़े और जब लग रहा था कि लिविंगस्टन आज भी एक दमदार पारी खेलेंगे। वह 9 गेंद में 15 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।

इनफॉर्म बल्लेबाज जितेश शर्मा ने चौथे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की। जितेश ने 18 गेंद पर 21 रन की पारी खेली। पंजाब को सबसे बड़ा झटका धवन के रुप में लगा तो 57 रन बनाकर नीतीश राणा की गेंद पर आउट हुए।

हेड टू हेड में कोलकाता का पलड़ा भारी

हेड टू हेड की बात करें तो आज के मैच के बाद भी कोलकाता का पलड़ा भारी है। इस जीत को मिलाकर अब तक खेले गए 32 मुकाबलों में 11 में पंजाब किंग्स की टीम जीती है जबकि 21 मुकाबलों में कोलकाता ने बाजी मारी है।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article