क्रिकेट

पिछले 3 महीने सबसे कठिन दौर रहा... भावुक हुए इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स

Ben Stokes Emotional Message: इंग्लैंड क्रिकेट में टेस्ट फॉर्मेट टीम की अगुवाई करने वाले टॉप ऑलराउंडर बेन स्टोक्स पिछले कुछ समय से अपनी टीम की स्थिति से निराश हैं और टेस्ट क्रिकेट में हाल की असफलताओं से निराश होकर उन्होंने एक भावुक पोस्ट शेयर किया है।

Image

(बाएं से दाएं) रॉब की, ब्रैंडन मैकुलम और बेन स्टोक्स (Instagram/BenStokes)

इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान व दुनिया के शीर्ष ऑलराउंडर्स में शुमार बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने पिछले तीन महीने को अपनी कप्तानी का सबसे कठिन दौर बताया लेकिन यह भी दोहराया कि वह कोच ब्रेंडन मैकुलम के साथ मिलकर टीम को फिर से तैयार करने के लिये प्रतिबद्ध हैं। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने पुष्टि की कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज टेस्ट सीरीज 1-4 से हारने के बावजूद बेन स्टोक्स, ब्रैंडन मैकुलम और प्रबंध निदेशक रॉब की अपने-अपने पद पर बने रहेंगे।

बेन स्टोक्स ने अपनी, रॉब की और मैकुलम की तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए एक भावुक खुले पत्र में लिखा, "इंग्लैंड का कप्तान बनना एक खिलाड़ी के लिये सबसे बड़ा सम्मान है और मैं इसे हलके में नहीं लेता। इसके अपने उतार चढाव हैं। यह आपको मुस्कुराने के मौके देता है तो रूलाता भी है।"

उन्होंने लिखा, "कई बार लगता है कि आपके जीवन में बस यही चीज बची है। पिछले तीन महीने कप्तानी के मेरे सफर का सबसे कठिन दौर रहा । इसने कई तरह से मेरी परीक्षा ली और मुझे यकीन है कि हर कप्तान के जीवन में ऐसा दौर आता है।"

उन्होंने कहा कि वह मैकुलम और की के साथ मिलकर फिर टीम तैयार करेंगे। उन्होंने कहा, "बाज, रॉब और मेरे भीतर टीम को आगे ले जाने की इच्छा और जुनून है। हम अपना सब कुछ झोंक देंगे। हमें पता है कि हमने गलतियां की है लेकिन अब उनसे सबक लेकर आगे बढेंगे। सफलता से ज्यादा आप असफलता से सीखते हैं।"

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में स्थितियां पिछले कुछ समय से अच्छी नहीं रही हैं लेकिन अब बेन स्टोक्स वापसी कराना चाहते हैं, ताकि उनके फैंस को राहत मिल सके। दूसरी तरफ इंग्लैंड की सीमित ओवर क्रिकेट टीम ने हाल में संतोषजनक प्रदर्शन किया है, जिसमें हाल में टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचना भी शामिल रहा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article