क्रिकेट

NZ vs SL 3rd T20I: कुसल परेरा ने दिलाई श्रीलंका को तीसरे टी20 में जीत, सीरीज पर न्यूजीलैंड ने किया 2-1 से कब्जा

न्यूजीलैंड को श्रीलंका ने तीसरे टी20 मुकाबले में 7 रन से मात दी लेकिन मेजबान टीम 2-1 के अंतर से तीन मैच की सीरीज अपने नाम करने में सफल रही। कीवी टीम जीत के लिए आखिरी ओवर में 22 रन नहीं बना सकी।

Image

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम (Black Caps)

नेल्सन (न्यूजीलैंड): कुसल परेरा ने टी20 क्रिकेट में श्रीलंका के लिये सबसे तेज शतक लगाकर तीन मैचों की श्रृंखला के आखिरी मैच में अपनी टीम को न्यूजीलैंड पर सात रन से जीत दिलाई। 19 साल लंबे अंतराल के बाद श्रीलंका की टीम न्यूजीलैंड की धरती पर पहला टी20 मैच जीतने में सफल हुई। परेरा के 44 गेंद में शतक और कप्तान चरित असलंका के साथ शतकीय साझेदारी की मदद से श्रीलंका ने पांच विकेट पर 218 रन बनाये जो टी20 में उसका दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया।

न्यूजीलैंड ने 2-1 अंतर से जीती सीरीज

न्यूजीलैंड ने पहला मैच आठ रन से और दूसरा 45 रन से जीता था। न्यूजीलैंड की टीम सात विकेट पर 211 रन ही बना सकी जिसमें रचिन रविंद्र ने 39 गेंद में 69 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की शुरूआत बहुत अच्छी रही और पावरप्ले के छह ओवरों में बिना किसी नुकसान के 60 रन बने। असलांका ने रविंद्र, मार्क चैपमैन (नौ) और ग्लेन फिलिप्स (छह) को आउट किया।

अंतिम ओवर में जीत के लिए 22 रन नहीं बना सका न्यूजीलैंड

असलंका ने 25 रन देकर तीन विकेट लिये थे लेकिन डेरिल मिचेल ने उनके आखिरी ओवर में लगातार चार छक्के लगाकर उनका औसत बिगाड़ दिया। वनिंदु हसरंगा ने मिचेल (आठ) और माइकल ब्रासवेल (1) को 16वें ओवर में पवेलियन भेजा। न्यूजीलैंड को आखिरी ओवर में 22 रन की जरूरत थी। पहली तीन गेंद पर छह रन लेने के बाद जैक फोक्स ने चौथी गेंद पर छक्का लगाया। आखिरी दो गेंद पर न्यूजीलैंड को 10 रन की जरूरत थी लेकिन उसके बल्लेबाज तीन रन ही बना सके ।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article