क्रिकेट

IPL 2026 Auction: आईपीएल के 19वें सीजन की नीलामी में इन दो टीमों के बीच मचेगी होड़

आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी से पहले सभी टीमों ने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट का ऐलान कर दिया है। अबु धाबी में 16 दिसंबर, 2025 को होने वाली नीलामी में खिलाड़ियों के लिए सीधी भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होती दिखेगी।

Image

आईपीएल 2026 ऑक्शन

मुंबई: कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 16 दिसंबर को अबु धाबी में होने वाली आईपीएल की मिनी नीलामी में खिलाड़ियों को लेकर होड़ लगने की उम्मीद है क्योंकि दस टीमों में से सबसे ज्यादा पैसा इन्हीं दोनों के पास बचा है। केकेआर ने वेंकटेश अय्यर (23.75 करोड़ रूपये) और आंद्रे रसेल (12 करोड़) जैसे महंगे खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने संजू सैमसन को खरीदने के बावजूद कई खिलाड़ियों को रिलीज करके 40 करोड़ रुपये बचा लिये हैं। केकेआर को नये सिरे से टीम बनानी होगी जबकि चेन्नई अपने गेंदबाजी आक्रमण को बेहतर करने की जुगत में होगी। उसकी नजरें मथीषा पथिराना को वापिस लेने या बेन स्टोक्स को खरीदने पर भी लगी होगी बशर्ते वह एशेज के बाद उपलब्ध रहें।

केकेआर के पास खाली है 13 प्लेयर्स के लिए जगह

केकेआर ने क्विंटन डिकॉक, मोईन अली और एनरिक नॉर्किया को भी रिलीज कर दिया है जबकि अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे, सुनील नारायण, वरूण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह, हर्षित राणा और अंगकृष रघुवंशी को बरकरार रखा है। केकेआर के पास 13 जगह खाली है जिनमें छह विदेशी खिलाड़ियों के लिये हैं। इससे पहले हरफनमौला रविंद्र जडेजा सीएसके से राजस्थान रॉयल्स में और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन रॉयल्स से सीएसके में आ गए हैं। खिलाड़ियों को बरकरार रखने की मियाद रविवार तक की ही है। आईपीएल की मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार जडेजा 18 करोड़ से कम 14 करोड़ में रॉयल्स के पास गए हैं जबकि सैमसन मौजूदा फीस 18 करोड़ में ही सीएसके में आये हैं।

लखनऊ से जुड़े मोहम्मद शमी

इंग्लैंड के हरफनमौला सैम कुरेन भी दो करोड़ 40 लाख रुपये में सीएसके से रॉयल्स में चले गए हैं। मोहम्मद शमी मौजूदा फीस दस करोड़ रुपये में ही अब सनराइजर्स हैदराबाद की बजाय लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिये खेलेंगे। सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन मुंबई इंडियंस से लखनऊ सुपर जाइंट्स में आ गए हैं जबकि नीतीश राणा अब रॉयल्स की बजाय दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते नजर आयेंगे।

किस टीम के पर्स में है कितनी राशि

क्रमांकटीम पर्स में राशि(करोड़ रुपये में)
1कोलकाता नाइट राइडर्स64.3
2चेन्नई सुपर किंग्स 43.4
3सनराइजर्स हैदराबाद25.5
4लखनऊ सुपर जायंट्स22.9
5दिल्ली कैपिटल्स21.8
6रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू16.4
7राजस्थान रॉयल्स 16.05
8गुजरात टाइटन्स12.9
9पंजाब किंग्स11.5
10मुंबई इंडियन्स2.75

केकेआर ने किया है 13 खिलाड़ियों को रिलीज

दिल्ली टीम ने छह खिलाड़ियों को रिलीज किया है जिनमे फॉफ डु प्लेसी और जैक फ्रेसर मैकगुर्क शामिल हैं। दिल्ली टीम ने अक्षर पटेल, केएल राहुल, कुलदीप यादव, मिचेल स्टार्क और ट्रिस्टन स्टब्स को बरकरार रखा है। गुजरात टाइटंस ने पांच खिलाड़ियों को रिलीज किया जबकि सीएसके ने डेवोन कॉन्वे, रचिन रविंद्र, आर अश्विन और मथीषा पथिराना जैसे खिलाड़ियों को रिलीज किया है। सनराइजर्स ने आठ खिलाड़ियों को रिलीज किया जिनमे मोहम्मद शमी, एडम जम्पा और राहुल चाहर शामिल हैं। पंजाब किंग्स ने ग्लेन मैक्सवेल समेत पांच खिलाड़ियों को रिलीज किया। वहीं मुंबई इंडियंस ने नौ खिलाड़ियों को रिलीज किया है। लखनऊ ने तीन खिलाड़ियों को रिलीज किया है।रिलीज किये गए सभी खिलाड़ी मिनी नीलामी में जायेंगे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article