क्रिकेट

Virat Kohli Injury Update: आ गया अपडेट, कटक में खेलेंगे या नहीं विराट कोहली

Virat Kohli Injury Update, IND vs ENG 2nd ODI Match: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मुकाबला 9 फरवरी को खेला जाएगा। तीन वनडे मैचों की सीरीज का रोमांचक मुकाबला कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। इस मुकाबले से पहले विराट कोहली की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट आया है।

Image

विराट कोहली। (फोटो- PTI)

Photo : PTI

Virat Kohli Injury Update, IND vs ENG 2nd ODI Match: इंग्लैंड के खिलाफ घुटने की चोट के चलते पहला वनडे नहीं खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली कटक में खेले जाने वाले दूसरे वनडे के लिए फिट हैं। मैच की पूर्व संध्या पर भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कोहली के फ़िट होने की पुष्टि करते हुए कहा, "हां, कोहली फिट हैं, वह आज हमारे साथ अभ्यास करेंगे।"

कोहली को नागपुर वनडे से एक दिन पहले घुटने में सूजन आ गई थी, जिसके चलते श्रेयस अय्यर को एकादश में शामिल किया गया था। अय्यर ने मैच के बाद ब्रॉडकास्टर्स से कहा था कि वह पहले यह मैच नहीं खेलने वाले थे।

हालांकि कटक में अगर कोहली की वापसी होती है तो यह देखना होगा कि उनकी जगह पर बाहर किसे बैठाया जाता है। अगर यशस्वी जायसवाल बाहर बैठते हैं तो नागपुर में नंबर तीन पर बल्लेबाज़ी करने वाले शुभमन गिल कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं लेकिन अगर अय्यर को बाहर बैठाया जाता है तब कोहली नंबर तीन और गिल नंबर चार पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।

कोहली ने पिछले साल अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ खेलने के बाद वनडे नहीं खेला है। पिछले कुछ महीनों से उनकी ख़राब फ़ॉर्म चर्चा का विषय बनी रही। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगातार ऑफ स्टंप के बाहर गेंदों पर आउट होना चिंता का सबब रही जिसके बाद उन्हें भारत और आरसीबी के पूर्व बल्लेबाज़ी कोच संजय बांगर के साथ काम किया। इसके बाद उन्होंने रणजी ट्रॉफी में भी दिल्ली की टीम के लिए हिस्सा लिया।

इंग्लैंड के खिलाफ भारत को तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है, जिसके बाद 19 फ़रवरी से चैंपियंस ट्रॉफी का भी आग़ाज़ होना है। कोहली वनडे में 14 हजार रन बनाने से सिर्फ 94 रन दूर हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बनने की ओर अग्रसर हैं। उनके नाम वनडे में सबसे तेज 14 हजार रन भी हो सकते हैं।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article