क्रिकेट

केएल राहुल को आईपीएल के प्रदर्शन से मिलेगा टी20 वर्ल्ड कप का टिकट, लखनऊ के कोच को पूरा भरोसा

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 20, 2024, 06:51 PM IST

KL Rahul T20 World Cup 2024: भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में वापसी करने वाले हैं। ऐसे में लखनऊ सुपर जायंट्स के कोच जस्टिन लेंगर ने ये भरोसा जताया है कि अगर राहुल आईपीएल में अच्छा करते हैं तो उनका टी20 वर्ल्ड कप में भी चयन हो सकता है।

Image

केएल राहुल (फोटो- IPL/BCCI/X)

KL Rahul T20 World Cup 2024: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 की शुरुआत 22 मार्च से होने वाली है। इस मेगा टूर्नामेंट में लखनऊ सुपर जायंट्स की कमान केएल राहुल के पास रहेगी। इसी बीच लखनऊ सुपर जाइंट्स के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर का मानना है कि अगर केएल राहुल टीम को पहला आईपीएल खिताब दिला पाते हैं तो टी20 विश्व कप के लिये भारतीय टीम में उनकी जगह तय होनी चाहिये।

जांघ की मांसपेशियों की चोट से उबरकर वापसी कर रहे राहुल शायद आईपीएल में विकेटकीपिंग नहीं करेंगे । उनका भारत की टी20 टीम में चयन तय नहीं है लिहाजा उन्हें आईपीएल में बल्लेबाजी में और विकेट के पीछे अच्छा प्रदर्शन करना होगा। अगर वे आगे के मुकाबलों में विकेटकीपिंग कर पाते हैं तो ये उनके लिए सोने पर सुहागा हो जाएगा।

केएल का फोकस टी20 वर्ल्ड कप पर- लेंगर

यह पूछने पर कि कप्तानी की निजी आकांक्षाओं और टीम के हितों में संतुलन कैसे बनायेंगे, लैंगर ने कहा कि यह मुश्किल नहीं है।उन्होंने कहा - 'अगर टीम अच्छा करती है तो हर किसी को ईनाम मिलता है । केएल अगर लखनऊ टीम को आईपीएल खिताब दिलाते हैं तो इसका मतलब होगा कि उन्होंने अच्छी कप्तानी , अच्छी बल्लेबाजी और अच्छी विकेटकीपिंग की है ।'राहुल के अलावा लखनऊ के लेग स्पिनर रवि बिश्नोई भी चयन की दौड़ में हैं ।लैंगर ने कहा - 'केएल या बिश्नोई के लिये साफ संदेश है कि लखनऊ टीम के लिये अच्छा खेलने पर फोकस करें, टी20 विश्व कप टीम में जगह पाने के मौके बढेंगे।'

गौतम गंभीर से नहीं है टक्कर- लेंगर

लखनऊ टीम के पूर्व मेंटोर गौतम गंभीर अब केकेआर से जुड़ गए हैं । यह पूछने पर कि क्या टूर्नामेंट के दौरान उनसे टक्कर देखने को मिल सकती है, लैंगर ने कहा कि वह टीम के लिये गंभीर के योगदान के प्रशंसक हैं।उन्होंने कहा -' कोई टक्कर नहीं होगी । उनके टीम छोड़ने से मैं दुखी हूं लेकिन वह केकेआर का असली नायक है । हम दोनों अच्छे दोस्त रहे हैं । दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग भी मेरे दोस्त हैं । सीएसके के स्टीफन फ्लेमिंग और माइक हस्सी भी मेरे दोस्त हैं ।’

End of Article