क्रिकेट

टीम इंडिया के पूर्व कोच ने जताया विराट कोहली के शानदार प्रदर्शन का भरोसा, दिया फॉर्म में वापसी के लिए गुरु मंत्र

टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है।

Image

रवि शास्त्री और विराट कोहली

KEY HIGHLIGHTS
  • विराट कोहली के अच्छे प्रदर्शन का है रवि शास्त्री को भरोसा
  • शास्त्री ने विराट को दी है शुरुआती दौर में संयम बरतने की सलाह
  • जहां सबसे अच्छा खेलते हैं वहां लौट आए हैं विराट

दुबई: पूर्व भारतीय क्रिकेट कोच रवि शास्त्री का मानना है कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली में अपनी खराब फॉर्म को सुधारकर ऑस्ट्रेलिया में होने वाली आगामी पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर श्रृंखला के दौरान सफलता हासिल करने की काबिलियत है। पिछले कुछ महीनों में कोहली सभी प्रारूपों में खराब दौर से गुजर रहे हैं। 36 वर्षीय स्टार बल्लेबाज ने साल की शुरुआत से बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों में सिर्फ एक अर्धशतक बनाया है जबकि उनका औसत सिर्फ 21.33 रहा है।

जहां सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं वहां लौट आए हैं विराट

लेकिन शास्त्री ने ऑस्ट्रेलिया को चेतावनी दी और कहा है कि कोहली उस देश में खेलेगा जहां उसे बल्लेबाजी करना और रन बनाना बहुत पसंद है। शास्त्री ने ‘आईसीसी रिव्यू’ में कहा, 'कोहली अब वहां खेलेगा जहां वह बहुत अच्छा प्रदर्शन करता है। मैं उन्हें बस इतना ही बताऊंगा। जब आप ऑस्ट्रेलिया में अपने जलवों के बाद यह रूतबा हासिल कर लेते हैं तो जब आप बल्लेबाजी करने उतरते हैं तो यह हमेशा आपके प्रतिद्वंद्वी के दिमाग में रहता है।'

शास्त्री ने दी है विराट को दौरे के लिए ये सलाह

शास्त्री ऑस्ट्रेलिया में कोहली के शानदार प्रदर्शन का जिक्र कर रहे थे जिसमें उन्होंने 2011-12 में अपने पहले टेस्ट दौरे में एडिलेड में जुझारू शतक जड़ा था, 2014 के दौरे के दौरान चार टेस्ट मैच में 692 रन बनाये थे और 2018-19 श्रृंखला के दौरान पर्थ में 123 रन की शानदार पारी शामिल है। तब कोहली ने टीम की कप्तानी की थी। शास्त्री ने हालांकि कोहली को दौरे के शुरुआती चरण के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी।

अपनी लय में खेलेगा तो अच्छी बल्लेबाजी करेगा

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने कहा,'जब आप जोश में हो और आप उत्साहित हैं जो विराट के साथ होता है। तो आपको शांत रहना चाहिये क्योंकि कई बार आप मैदान पर उतरकर पहला दाव मारने के लिए बहुत उत्साहित होते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि जब वह बल्लेबाजी करने उतरे तो पहला आधा घंटा या फिर श्रृंखला की पहली तीन पारियों में उसका शांत रहना बेहद महत्वपूर्ण होगा। अगर वह शांत रह सकता है और जल्दबाजी करने के बजाय अपनी लय से खेल सकता है तो मुझे लगता है कि अच्छी बल्लेबाजी करेगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article