क्रिकेट

CPL 2025: 38 साल के पोलार्ड की विस्फोटक पारी, ,सीपीएल में गेंदबाजों के उड़ाए होश

CPL 2025: सीपीएल 2025 का रोमांच जोड़ पकड़ता जा रहा है। रविवार को खेले गए एक मुकाबले में काइरन पोलार्ड की विस्फोटक पारी देखने को मिली। उनकी इस पारी के दम पर त्रिनबागो ने सेंट लुसिया को 18 रन से हरा दिया।

Image

काइरन पोलार्ड (साभार-X ICC)

CPL 2025: वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज काइरन पोलार्ड जब भी मैदान पर उतरते हैं, उनकी बल्लेबाजी फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होती है। एकबार फिर उनका यह तूफानी अंदाज सीपीएल में देखने को मिला, जहां उन्होंने सेंट लूसिया एक-एक गेंदबाजों की जमकर खबर ली।वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल को अलविदा कह चुके है, लेकिन इसके बावजूद उनकी दीवानगी में कोई कमी नहीं आई है। उनमें रन बनाने की भूख अभी भी कम नहीं हुई है। कैरेबियन प्रीमियर लीग में रविवार को त्रिनबागो नाइट राइडर्स और सेंट लुसिया किंग्स के बीच खेले गए मैच में पोलार्ड की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी देखने को मिला। उनकी इस पारी के दम पर त्रिनबागो ने सेंट लुसिया को 18 रन से हरा दिया।

सेंट लूसिया किंग्स का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला तब तक सही साबित होता दिखा, जब तक क्रीज पर पोलार्ड नहीं आए थे। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए 38 साल के पोलार्ड ने क्रीज पर उतरते ही सेंट लुसिया के गेंदबाजों को कूटना शुरू कर दिया। पोलार्ड ने सिर्फ 29 गेंद पर 6 छक्के और 4 चौके की मदद से 65 रन की पारी खेली। इस विस्फोटक पारी के दम पर त्रिनबागो ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 183 रन बनाए। कप्तान निकोलस पूरन ने 30 गेंद पर 34 और कोलिन मुनरो ने 30 गेंद पर 43 रन की पारी खेली।

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट लुसिया किंग्स को शुरुआत अच्छी मिली। सलामी बल्लेबाजों टिम सिफर्ट और जॉनसन चार्ल्स ने पहले विकेट के लिए 8.3 ओवर में 74 रन जोड़ दिए। लेकिन, मध्यक्रम के बल्लेबाजों के बल्ले से रन निकलने के कारण सेंट लुसिया किंग्स 20 ओवर में 6 विकेट पर 165 रन ही बना सकी और मैच 18 रन से हार गई। सिफर्ट ने 35 और चार्ल्स ने 47 रन बनाए। त्रिनबागो के लिए आंद्रे रसेल और उसामा मीर ने 2-2 जबकि मोहम्मद आमिर और अकिल हुसैन ने 1-1 विकेट लिए। काइरन पोलार्ड को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।

तीसरे मैच में त्रिनबागो की यह दूसरी जीत थी। इस जीत के साथ टीम अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। वहीं, तीसरे मैच में सेंट लुसिया किंग्स की यह दूसरी हार थी। इस हार के साथ टीम पांचवें नंबर पर चली गई है। लीग में छह टीमें खेलती हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article