व्हाइट बॉल क्रिकेट में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को डबल झटका लग सकता है। द हंड्रैड लीग से बाहर होने के बाद अब उनकी इंग्लैंड की कप्तानी भी जा सकती है। बटलर पिण्डली की चोट (Calf Injury) के कारण हंड्रैड लीग में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। उन्हें ट्रेनिंग सेशन के दौरान चोट लगी। टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट की मानें तो उनकी कप्तानी भी जा सकती है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड बतौर कप्तान उनके प्रदर्शन से खुश नहीं है।
जा सकती है इंग्लैंड की कप्तानी
रिपोर्ट की मानें तो जोस बटलर इंग्लैंड के कप्तान के रूप में अपने पद को लेकर इस सप्ताह टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की के साथ बातचीत करने वाले हैं। यह बैठक पिछले महीने के टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खराब प्रदर्शन के बाद हो रही है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में इंग्लैंड की टीम भारतीय टीम से 68 रन से हारकर बाहर हो गई थी।
ऐसा दूसरे साल हुआ जब किसी आईसीसी टूर्नामेंट में इंग्लैंड की टीम बेहतर नहीं कर पाई और हारकर बाहर हो गई। पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप में भी टीम का प्रदर्शन बेहद साधारण रहा था। डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड लीग स्टेज से ही बाहर हो गई थी। लेकिन अब टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन ने बटलर और कोट मैथ्यू मॉट पर दबाव बढ़ा दिया है।
इसके अलावा रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बटलर ड्रेसिंग रुम में भी खिलाड़ियों के ज्यादा चहीते नहीं हैं। इतना ही नहीं बैकरूम स्टाफ ने उनके नेतृत्व की आलोचना की। 2026 में होने वाले अगले टी20 विश्व कप से पहले इंग्लैंड प्रबंधन बटलर को लेकर बड़े फैसले ले सकता है।
