क्रिकेट

हैरी ब्रूक नहीं, यह खिलाड़ी फिर से बन सकता है इंग्लैंड का नया टेस्ट कप्तान

इंग्लैंड ने अब तक अपने नए टेस्ट कप्तान की घोषणा नहीं की। बेन स्टोक्स के जाने के बाद एक महीने से ज्यादा का वक्त हो गया है। रिपोर्ट की मानें तो मैनेजमेंट ब्रूक को जिम्मेदारी देने के पक्ष में नहीं है। चलिए जानते हैं कि किस खिलाड़ी को कमान सौंपी जा सकती है।

Image

हैरी ब्रूक (साभार-X)

एक महीने से ज्यादा का वक्त हो चुका है जब बेन स्टोक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। इसके कुछ दिन बाद कोच ब्रैंडन मैकुलम ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन अब तक इंग्लैंड की ओर से नए कोच और कप्तान का ऐलान नहीं किया गया है। 19 अगस्त से उसे पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलना है और इससे पहले किसी भी हाल में कोच और कप्तान की घोषणा करना अनिवार्य है।

हैरी ब्रूक नहीं जो रूट बन सकते हैं कप्तान

बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद ऐसा माना जा रहा था कि हैरी ब्रूक को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है, लेकिन अब इसमें एक नया मोड़ सामने आया है। एक रिपोर्ट की मानें तो एक बार फिर टेस्ट टीम की कमान जो रूट को दी जा सकती है। उन्हें यह कमान कम से कम एशेज सीरीज तक सौंपी जा सकती है। ब्रूक पहले से ही दो फॉर्मेट में इंग्लैंड की कमान संभाल रहे हैं और ऐसे में मैनेजमेंट को लगता है कि वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए उन्हें एक और जिम्मेदारी देना ठीक नहीं है।

जो रूट हैं सबसे सफल कप्तान

इंग्लैंड के सबसे सफल कप्तानों की बात करें तो जो रूट का नाम सबसे ऊपर आता है। 2017 से 2022 के दौरान रूट की कप्तानी में इंग्लैंड ने 64 टेस्ट मैच खेले जिसमें 27 में उसे जीत और 26 में हार मिली है। 11 मुकाबला उनकी कप्तानी में ड्रॉ रहा था। न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया सीरीज में जब बेन स्टोक्स पर नाइटक्लब विवाद में एक मैच का बैन लगा तो उस मुकाबले में भी रूट को कप्तानी करने का मौका मिला था। रूट की कप्तानी में इंग्लैंड को हार का का सामना करना पड़ा था। बात नए कोच की करें तो इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की तलाश जारी है, लेकिन तब तक मार्कस ट्रेस्कोथिक को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है जो मैकुलम की टीम में काम चुके हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article