क्रिकेट

Joe Root 37th Test Century: लॉर्ड्स के लॉर्ड जो रूट ने जड़ा टेस्ट करियर का 37वां शतक, टॉप 5 में हुई एंट्री

इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जो रूट ने लॉर्ड्स में टीम इंडिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन की पहली गेंद पर करियर का 37वां शतक जड़ दिया। इसके साथ ही उनकी टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले टॉप-5 खिलाड़ियों में एंट्री हो गई।

Image

जो रूट (फोटो क्रेडिट AP)

Photo : AP

लंदन: इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जो रूट का टेस्ट क्रिकेट में धमाल बदस्तूर जारी है। टीम इंडिया के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज के पहले दो टेस्ट में रूट का बल्ला खामोश रहा लेकिन लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर कदम रखते ही वो अपने जाने पहचाने रंग में नजर आए और टीम को 44 रन पर 2 विकेट के स्कोर से उबारकर पहले दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 251 रन तक पहुंचा दिया। रूट 99 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।दूसरे दिन का खेल शुरू होते ही रूट ने पहली ही गेंद पर चौका जड़कर अपना शतक 192 गेंद में पूरा कर लिया। यह उनके टेस्ट करियर का 37वां शतक है। रूट 104 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर बोल्ड हो गए। रूट ने भारतीय गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने अपना अर्धशतक 102 गेंद में पूरा किया था। यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा सबसे धीमा अर्धशतक था। लेकिन उसके बाद रूट ने थोड़ी तेजी दिखाई और अगली 90 गेंदों में अर्धशतक से शतक का सफर पूरा कर लिया और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

रूट ने लॉर्ड्स में जड़ा आठवां शतक

रूट ने अपनी 104 रन की शतकीय पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके जड़े। लॉर्ड्स में यह उनके बल्ले से निकला आठवां शतक है। रूट से ज्यादा शतक इस मैदान पर और किसी खिलाड़ी ने नहीं जड़े हैं। रूट लॉर्ड्स में अबतक 41 पारियों में 2125* रन दर्ज हो गए हैं। जिसमें 8 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं।

लॉर्ड्स में पूरी की शतकों की हैट्रिक

स्टीव स्मिथ लॉर्ड्स के मैदान पर लगातार तीन शतक जड़ने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले जैक हॉब्स(1912-26) और माइकल वॉन(2004-05) ये कारनामा कर चुके हैं।

स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ा

इस शतक के साथ रूट टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में सचिन तेंदुलकर(51), जैक कैलिस(45), रिकी पॉन्टिंग(41), कुमार संगकारा(38) के बाद पांचवें स्थान पर 37 शतक के साथ काबिज हो गए हैं। इससे पहले रूट स्टीव स्मिथ के साथ बराबरी पर थे। लेकिन स्मिथ अब छठे पायदान पर पहुंच गए हैं।

भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक

जो रूट लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 3 हजार रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने। इसके बाद दूसरे दिन उन्होंने 11वां शतक भी जड़ दिया। जो रूट के नाम खबर लिखे जाने तक टीम इंडिया के खिलाफ 33 टेस्ट की 60 पारियों में 3058* रन 58 के औसत से दर्ज हो गए हैं। जिसमें 11 शतक के साथ 12 अर्धशतक भी शामिल हैं। 218 टीम इंडिया के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। रूट भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक दड़ने वाले

5 साल में जड़े 20 शतक

दो साल तक टेस्ट शतक के लिए जूझने के बाद जो रूट ने साल 2021 में शानदार वापसी की और पांच शतक जड़े। इसके बाद साल 2022 में उन्होंने 5, 2023 में 2, 2024 में छह टेस्ट शतक जड़े। इस साल का यह रूट का पहला टेस्ट शतक है। इस तरह पांच साल में वो 20 टेस्ट शतक जड़ चुके हैं जो दुनिया में इस अंतराल में सबसे ज्यादा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article