क्रिकेट

ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवार्ड के लिए हुए नॉमिनेट जसप्रीत बुमराह, इन खिलाडियों से मिलेगी चुनौती

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में धमाल मचाने वाले भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आईसीसी ने दिसंबर माह के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ अवार्ड के लिए नॉमिनेट किया है।

Image

जसप्रीत बुमराह

Photo : AP

दुबई: स्टार भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को हाल में संपन्न बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के कारण मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के दिसंबर 2024 महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार के लिए नामित किया गया। बुमराह ने दिसंबर में तीन टेस्ट में 14.22 के औसत से 22 विकेट चटकाए। इस 31 वर्षीय तेज गेंदबाज ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में पांच टेस्ट में कुल 32 विकेट लिए।

बुमराह को मिलेगी कमिंस और पेटरसन से कड़ी चुनौती

बुमराह पीठ में जकड़न के कारण सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट में मेजबान टीम की दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर पाए थे। बुमराह ने ब्रिसबेन और मेलबर्न में नौ-नौ विकेट चटकाए थे जिससे भारत मेजबान टीम को कड़ी चुनौती देने में सफल रहा था। बुमराह को महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार की दौड़ में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेन पेटरसन से कड़ी चुनौती मिलेगी। कमिंस की अगुआई में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 3-1 से श्रृंखला जीती थी।

कमिंस ने दिसंबर में चटकाए 17 विकेट

तेज गेंदबाज कमिंस ने दिसंबर में भारत के खिलाफ तीन टेस्ट में 17.64 की औसत से 17 विकेट हासिल किए। कमिंस ने महीने का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एडीडले में 57 रन पर पांच विकेट चटकाकर किया जिसकी मदद से मेजबान टीम 10 विकेट से आसान जीत दर्ज करने में सफल रही। कमिंस ने मेलबर्न में 49 और 41 रन की उपयोगी पारियां भी खेलीं।

पेटरसन ने पाकिस्तान के खिलाफ मचाया धमाल

पेटरसन ने श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दो टेस्ट में 16.92 के औसत से 13 विकेट चटकाए जिससे दक्षिण अफ्रीका ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई जहां उसकी भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया से होगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article