Gautam Gambhir Press Conference: गौतम गंभीर ने बतौर कोच अपने पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेबाक अंदाज में हर उस सवाल का जवाब दिया जिसकी अपेक्षा फैंस कर रहे थे। विराट-रोहित के भविष्य से लेकर उन्होंने हार्दिक को कप्तान न बनाए जाने के कारण पर खुलकर बात की। हालांकि, उनके पहले पीसी में एक बात साफ हो गई कि उनके राज में गेंदबाजों की बल्ले-बल्ले होगी। दरअसल हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि गेंदबाजों के प्रति उनका सॉफ्ट कॉर्नर पहले भी नजर आया है।
वह आईसीसी के नए नियम के विरोधी रहे हैं जिसके तहत वनडे क्रिकेट में दो नई गेंद दी जाने लगी। वह बार-बार वह कह चुके हैं कि यह फैसला बल्लेबाज के सपोर्ट में है और इस पर विचार किया जाना चाहिए। पहले पीसी में भी उनका यही अवतार देखने को मिला जब उनसे जसप्रीत बुमराह के बारे में सवाल किया गया।
आपको बता दें कि पहले वनडे सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली और रोहित शर्मा तीनों खिलाड़ी को आराम देने की बात चल रही थी, लेकिन गंभीर ने विराट और रोहित से वनडे सीरीज खेलने की अपील की और उन्होंने हामी भर दी। इसी को लेकर जब जसप्रीत बुमराह के बारे में उनसे पूछा गया तो उन्होंने बुमराह को 'रेअर बॉलर' बताया।
बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट की जरूरत
गौतम गंभीर ने कहा कि जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाजों को वर्कलोड मैनेजमेंट की जरुरत है। वह रेअर बॉलर हैं जिसे हर कोई अपनी टीम में चाहता है। आप उन्हें खास मैच के लिए बचाकर रखना चाहते हैं। गंभीर यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि केवल बुमराह ही नहीं बल्कि हर तेज गेंदबाज के वर्कलोड को मैनेज करने की जरूरत है।
टी20 वर्ल्ड कप 2022 मिस कर गए थे बुमराह
बुमराह की इंजरी का ख्याल रखा जाना चाहिए। इंजरी के कारण साल 2022 टी20 वर्ल्ड कप वह नहीं खेल पाए थे, जहां टीम इंडिया सेमीफाइनल में हारकर बाहर हो गई थी। मार्च 2023 में उनकी सर्जरी हुई और फिर उन्हें टीम से बाहर बैठना पड़ा था। वनडे वर्ल्ड कप और टी20 वर्ल्ड कप 2024 में उनकी वापसी हुई और उनके आने से टीम लय में लौट आई। वनडे वर्ल्ड कप में टीम फाइनल तक पहुंची और टी20 वर्ल्ड कप में चैंपियन बनी। आने वाले समय में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के अलावा सबसे जरूरी चैंपियंस ट्रॉफी खेलना है जहां बुमराह जैसे मैच विनर की जरूरत टीम इंडिया को पड़ेगी।
