Jasprit Bumrah Injury: भारतीय टीम के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह एक बार फिर पीठ की चोट से जूझ रहे हैं। 2024/25 बॉर्डर-गवास्कर ट्रॉफी के पांचवें टेस्ट मैच के दौरान, बुमराह को पीठ में तनाव संबंधी समस्या हुई और वह ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के दौरान मैदान छोड़कर चले गए। स्टैंड-इन कप्तान बुमराह ने दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं की, और भारत ने यह मैच 6 विकेट से हार गया। इसी बीच उनकी चोट को लेकर दिग्गज गेंदबाज ने चिंता व्यक्त की है जिसने भारतीय फैंस को भी परेशान कर दिया है।
बुमराह का करियर पिछले कई सालों से पीठ की समस्याओं से प्रभावित रहा है। 2022/23 में उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रहना पड़ा था। हालांकि, वे 2023 में वापस लौटे और ओडीआई विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे। उन्होंने 2024 टी20 विश्व कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई, लेकिन 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में वह टीम का हिस्सा नहीं बन सके।अभी तक बुमराह की वापसी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह आईपीएल 2025 के शुरुआती मैचों से अनुपस्थित रह सकते हैं।
शेन बॉन्ड ने जताई चिंता
बुमराह की चोट को लेकर पूर्व न्यूजीलैंड तेज गेंदबाज शेन बॉन्ड ने अपनी राय साझा की है। बॉन्ड ने कहा कि अगर बुमराह की यह चोट उसी जगह हुई है जहां पहले हुई थी तो यह उनके करियर के लिए गंभीर हो सकता है। ईएसपीएनक्रिकइंफो से बात करते हुए बॉन्ड ने कहा कि "वे यह कह सकते हैं कि यह कुल चार या तीन टेस्ट मैचों की बात है। अगर हम उन्हें इंग्लिश गर्मियों तक फिट रख सकते हैं, तो हमें उम्मीद होगी कि वह बाकी फॉर्मेट में भी खेल सकते हैं। लेकिन अगर उन्हें उसी जगह फिर से चोट लगती है, तो यह उनके करियर का अंत हो सकता है। मुझे नहीं लगता कि उस जगह पर दोबारा सर्जरी की जा सकती है।"
बॉन्ड, जो अपने समय के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक थे, चोटों के कारण केवल 18 टेस्ट, 82 वनडे और 20 टी20ई खेल सके। उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ लंबे समय तक काम किया और बुमराह के साथ भी काम कर चुके हैं। बॉन्ड ने आईपीएल 2024 से पहले राजस्थान रॉयल्स जॉइन किया था।
भारतीय प्रशंसकों की उम्मीदें
भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि बुमराह आईपीएल 2025 से पहले ठीक हो जाएंगे और पूरे सीजन में खेलेंगे। अगर वह फिट होते हैं, तो वह इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय गेंदबाजी की कमान संभालेंगे। इसके अलावा, अगर रोहित शर्मा को टीम से बाहर किया जाता है, तो बुमराह टीम इंडिया की कप्तानी के प्रमुख दावेदार होंगे।फिलहाल, बुमराह के स्वास्थ्य को लेकर सभी की नजरें बनी हुई हैं। उनकी वापसी न केवल भारतीय टीम के लिए, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।
