क्रिकेट

बल्ले और गेंद के बीच होना चाहिए बराबरी का मुकाबला, गुजरात टाइटंस के गेंदबाज ने क्यों कहा ऐसा

CSK vs GT: होल्डर ने अपनी टीम की आठ विकेट की जीत के बाद कहा, ’यह थोड़ा अजीब है। कल आपने देखा कि 264 और 228 रन का पीछा किया गया। और फिर आज हमने उन्हें 158 रन पर रोक दिया।

Image

गुजरात टाइटंस (फोटो साभार- IPL)

CSK vs GT: रनों की बरसात वाले इस सत्र में बल्ले और गेंद के बीच सही संतुलन की वकालत करते हुए गुजरात टाइटन्स के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) पर उनकी जैसी शानदार जीत वाले मुकाबले ज्यादा संतोषजनक होते हैं क्योंकि ये गेंदबाजों को भी खेल में वापस लाते हैं। इस सत्र में जहां 200 से ज्यादा का स्कोर बनाना आम बात हो गई है, वहीं रविवार दोपहर यहां हुए मैच में टाइटन्स का सीएसके को सात विकेट पर 158 रन पर रोकने का शानदार प्रयास था।

गुजरात ने चेन्नई को 8 विकेट से हराया

होल्डर ने अपनी टीम की आठ विकेट की जीत के बाद कहा, ’यह थोड़ा अजीब है। कल आपने देखा कि 264 और 228 रन का पीछा किया गया। और फिर आज हमने उन्हें 158 रन पर रोक दिया। एक क्रिकेट प्रेमी के तौर पर, आप बस बल्ले और गेंद के बीच बराबरी का मुकाबला देखना चाहते हैं।’ कागिसो रबाडा ने 25 रन देकर तीन विकेट झटककर शानदार गेंदबाजी की जिससे गुजरात टाइटन्स ने छोटे से लक्ष्य का पीछा 16.4 ओवर में ही कर लिया। होल्डर ने चार ओवर में सिर्फ 22 रन दिए लेकिन कोई विकेट नहीं लिया। उन्होंने कहा कि रबाडा और बाकी गेंदबाजों के लिए योजना बहुत सीधी थी।

रबाडा को अच्छी गेंद डालने के लिए किया मोटिवेट

उन्होंने कहा, ’रबाडा के लिए मेरा संदेश सीधा था, बस अच्छी लेंथ पर गेंद डालते रहो और बहुत छोटी गेंद फेंकने से बचो। कागिसो एक विश्व-स्तरीय गेंदबाज हैं और आज उन्होंने यह साबित भी कर दिया।’ उन्होंने मैच की शुरुआत में ही माहौल बनाने का श्रेय रबाडा और मोहम्मद सिराज को दिया।

होल्डर ने कहा, ’रबाडा और सिराज ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और शुरुआत में ही विरोधी टीम के लिए काफी मुश्किलें खड़ी कर दीं। जब आप बेहतरीन गेंदबाजी के सामने एक बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश कर रहे होते हैं तो यह हमेशा ही एक मुश्किल काम होता है।’

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article