क्रिकेट

जैकब बेथेल नहीं तोड़ पाएंगे भारत के सबसे युवा कप्तान का रिकॉर्ड

आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में युवा जैकब बेथेल को इंग्लैंड का कप्तान बनाया गया है। मैदान पर उतरने के साथ ही वह इंग्लैंड के सबसे युवा कप्तान का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। लेकिन वह भारत के सबसे युवा कप्तान बनने के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाएंगे।

Image

जैकब बेथेल (साभार-ICC)

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने आयरलैंड के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए जैकब बेथेल को कप्तान बनाया है। मैदान पर उतरते ही बेथेल एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। दरअसल बेथेल इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सबसे युवा कप्तान होंगे, लेकिन इसके बावजूद वह टीम इंडिया के रिकॉर्ड से पीछे रह जाएंगे। क्या आपको पता है कि भारतीय क्रिकेट टीम का सबसे युवा कप्तान कौन रहा है? आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में जब जैकब बेथेल फील्ड पर उतरेंगे तो वह इंग्लैंड के सबसे युवा कप्तान होंगे; वह 21 साल के हैं। बेथेल, मोंटी बोडेन का रिकॉर्ड तोड़ेंगे, जिन्हें इंग्लैंड ने 1889 में 23 साल की उम्र में कप्तान बनाया था।

भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे युवा कप्तान मंसूर अली खान पटौदी हैं। पटौदी सिर्फ 21 साल और 77 दिन की उम्र में भारतीय टीम के कप्तान बन गए थे। सचिन तेंदुलकर 23, कपिल देव 24, रवि शास्त्री और शुभमन गिल 25 साल की उम्र में भारतीय टीम के कप्तान बने। ये पांच खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे युवा कप्तान हैं।

अगर जैकब बेथेल और मंसूर अली खान के बीच तुलना करें तो बेथेल को 21 साल 296 दिन में इंग्लैंड के टी20 फॉर्मेट की कप्तानी दी गई है। वहीं, मंसूर अली खान को 21 साल 77 दिन की उम्र में भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। ऐसे में पटौदी बेथेल से भी कम उम्र में कप्तान बने थे। टेस्ट और टी20 दोनों फॉर्मेट में कप्तानी का स्तर बिल्कुल अलग होता है। टेस्ट की कप्तानी मुश्किल होती है। इस आधार पर भी मंसूर अली खान पटौदी को श्रेष्ठ माना जा सकता है।

मंसूर अली खान ने 40 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की थी। इसमें 9 मैचों में भारत को जीत जबकि 19 मैचों में हार मिली थी। 12 मैच ड्रॉ रहे थे। मंसूर अली खान पटौदी ने 1961 से 1975 के बीच में भारतीय टीम के लिए 46 टेस्ट मैचों में 6 शतक और 16 अर्धशतक लगाते हुए 2,793 रन बनाए थे। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 203 रन रहा था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article