क्रिकेट

जैकब बेथल ने रचा इतिहास, खेल दी टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट की सबसे बड़ी पारी

IND vs ENG: इंग्लैंड के 22 साल के बल्लेबाज जैकब बेथल ने भारत के खिलाफ ऐतिहासिक पारी खेली। बेथल की पारी भले ही इंग्लैंड की टीम को जीत नहीं दिला पाई, लेकिन इतना तय हो गया कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम को भविष्य का सुपरस्टार मिल गया।

Image

जैकब बेथल (साभार-X)

IND vs ENG: इंग्लैंड के 22 साल के युवा बल्लेबाज जैकब बेथल ने टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में कमाल की पारी खेली। 254 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की ओर से बैथल ने यह कारनामा करके अपनी टीम को आखिरी ओवर तक मैच में बनाए रखा। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक है जो टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में आया है। यह वर्ल्ड कप नॉकआउट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी है। बेथल ने दो दिन पहले फिन एलन द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ दिया। एलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ नाबाद शतकीय पारी खेली थी।

45 गेंद में जड़ा शतक

जैकब बैथल ने 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 220 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से केवल 45 गेंद में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्का जड़ा। उन्होंने 19 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। इस तरह उन्होंने अर्धशतक से शतक तक का सफर केवल 26 गेंद में पूरा किया। यह टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में किसी इंग्लैंड खिलाड़ी द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी है। वह टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए। पहले सेमीफाइनल में फिन एलन ने यह कारनामा किया।

टी20 वर्ल्ड कप में दूसरा सबसे तेज शतक

टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो यह इंग्लैंड के खिलाड़ी द्वारा सबसे तेज शतक है, जबकि ओवरऑल यह दूसरा सबसे तेज शतक है। पहले सेमीफाइनल मैच में फिन एलन ने केवल 33 गेंद में शतक जड़ा था जो टी20 वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक था। बेथल ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गेल ने 2016 में 47 गेंद में शतक जड़ा था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ यह पारी खेली थी।

33 - फिन एलन बनाम दक्षिण अफ्रीका, कोलकाता, सेमीफाइनल 2026

45 - जैकब बेथेल बनाम भारत, मुंबई विश्व कप 2026

47 - क्रिस गेल बनाम इंग्लैंड, मुंबई विश्व कप 2016

50 - क्रिस गेल बनाम दक्षिण अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2007

50 - हैरी ब्रूक बनाम पाकिस्तान, पल्लेकेले, 2026

विल जैक्स और करन के साथ अर्धशतकीय साझेदारी

जैकब बेथल ने 5वें विकेट के लिए विल जैक्स के साथ 5वें विकेट के लिए 39 गेंद में 77 रन की साझेदारी की। विल जैक्स 20 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हुए। बेथल ने सैम करन के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारी की और 27 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी की। बेथल 20वें ओवर में 48 गेंद में 105 रन बनाकर रन आउट हुए। उनकी यह पारी काम नहीं आई और आखिरी गेंद तक चले इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 7 रन से मुकाबला अपने नाम कर चौथी बार फाइनल में जगह बना ली।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article