क्रिकेट

IPL के बीच बढ़ी गंभीर और गिल की मुश्किलें, अफगानिस्तान सीरीज के लिए इन दो खिलाड़ियों का फिट होना मुश्किल

आकाश दीप फिलहाल पीठ की चोट से उबर रहे हैं जबकि राणा की घुटने की सर्जरी हुई थी। यह सर्जरी भारत में टी20 विश्व कप शुरू होने से कुछ ही दिन पहले ’लिगामेंट’ फटने के कारण हुई थी।

Image

गौतम गंभीर और शुभमन गिल (फोटो साभार- AP)

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि देश के प्रमुख तेज गेंदबाज आकाश दीप और हर्षित राणा का अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली घरेलू श्रृंखला और ब्रिटेन के सफेद गेंद के दौरे के लिए फिट होना मुश्किल है क्योंकि उन्हें पूरी तरह से मैच फिट होने में अभी कुछ समय लगेगा। आकाश दीप फिलहाल पीठ की चोट से उबर रहे हैं जबकि राणा की घुटने की सर्जरी हुई थी। यह सर्जरी भारत में टी20 विश्व कप शुरू होने से कुछ ही दिन पहले ’लिगामेंट’ फटने के कारण हुई थी।

IPL में नहीं खेल रहे आकाशदीप और हर्षित राणा

कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ अनुबंधित ये दोनों खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में नहीं खेल रहे हैं। इस मामले पर नजर रख रहे बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम नहीं बताने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ’’आकाश और हर्षित का रिहैबिलिटेशन सही ट्रैक पर है, लेकिन उन्हें मैच खेलने के लिए मंजूरी मिलने में अभी काफी समय लगेगा। अगर हम अफ़गानिस्तान और ब्रिटेन दौरे की बात करें तो इन दोनों के उस समय तक फिट होने की कोई संभावना नहीं है। वे अभी भी मजबूती बढ़ाने वाला व्यायाम कर रहे हैं। उसके बाद जॉगिंग, तेज चलना, स्प्रिंट और फिर ’रिटर्न टू प्ले’ प्रोटोकॉल से जुड़े कौशल का अभ्यास होगा। ’’

आकाशदीप और राणा के फिट होने पर संशय

आकाश दीप को ज्यादातर लाल गेंद (टेस्ट) क्रिकेट के लिए एक संभावित खिलाड़ी के तौर पर देखा जाता है जबकि राणा वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में टीम की योजनाओं का एक अहम हिस्सा हैं। 2025 में हर्षित भारत के सबसे सफल वनडे गेंदबाज के तौर पर उभरे थे जिन्होंने 14 मैचों में 26 विकेट लिए थे। आकाश दीप के करियर का सबसे यादगार पल पिछले साल बर्मिंघम में एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ एक मैच में लिए गए 12 विकेट थे। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का मानना है कि आकाश दीप को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने में हर्षित से ज्यादा समय लग सकता है। उनके लिए वापसी का मौका अगस्त में दिलीप ट्रॉफी हो सकती है जो सीनियर पुरुषों के घरेलू सत्र की शुरुआत होती है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article