क्रिकेट

IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप से पहले सूर्या ने चौंकाया, नंबर 3 पर अय्यर नहीं इस बल्लेबाज को बताया बेस्ट ऑप्शन

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मुकाबले से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्लेइंग इलेवन को लेकर जानकारी साझा की। तिलक वर्मा की जगह टीम में शामिल किए गए श्रेयस अय्यर किस पोजिशन पर खेलेंगे यह तय नहीं है, लेकिन ईशान किशन को लेकर सूर्या ने बयान दिया है।

Image

सूर्यकुमार यादव (साभार- BCCI)

IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैच की टी20 सीरीज का आगाज बुधवार से होने जा रहा है। इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्लेइंग इलेवन को लेकर बड़ी जानकारी साझा की है। आपको बता दें कि इससे पहले तिलक वर्मा की जगह टीम में श्रेयस अय्यर को शामिल किया गया था और ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि तिलक की जगह नंबर 3 पर वह बल्लेबाजी कर सकते हैं। लेकिन भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा है कि बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन नंबर तीन की पोजीशन पर बल्लेबाजी करेंगे।

मंगलवार को होने वाले मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान सूर्यकुमार ने कहा कि किशन आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 की टीम का हिस्सा हैं और घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "ईशान किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। वह टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा हैं और घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसलिए मुझे लगता है कि उन्हें तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका मिलना चाहिए। मुझे लगता है कि तीसरे नंबर पर ईशान ही हमारे लिए सबसे अच्छा विकल्प हैं।"

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार को नागपुर में खेला जाएगा। टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में किशन ने नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए चार मैच खेले हैं। 27 वर्षीय किशन ने दो अर्धशतकों सहित 28.50 के औसत से 114 रन बनाए हैं।

किशन ने मार्च 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने टी20 करियर का आगाज किया था। किशन 32 मैच खेल चुके हैं और 25.67 के औसत से 796 रन बना चुके हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने छह अर्धशतक जड़े हैं। किशन ने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नवंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। तब से वह टीम से बाहर हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article