स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 के मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा। चोट के कारण ईशान किशन तीसरे टी20 मैच से भी बाहर रहेंगे। मैच से एक दिन पहले प्रेस से बात करते हुए, भारत के बॉलिंग कोच ने पुष्टि की कि किशन इस मैच में नहीं खेलेंगे। उन्होंने किशन के बारे में एक सकारात्मक अपडेट देते हुए बताया कि वह टीम के साथ ट्रेनिंग करेंगे।
सीरीज के पहले मैच के दौरान इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को दाहिने पैर में 'लो-ग्रेड एडक्टर स्ट्रेन' (मांसपेशियों में खिंचाव) आ गया था। इस वजह से भारत को अपना बैटिंग ऑर्डर बदलना पड़ा और तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए। इसके बाद किशन दूसरे मैच से बाहर हो गए थे। उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में वैभव सूर्यवंशी को शामिल किया गया।
27 अक्टूबर को तीसरा मैच
वहीं, BCCI ने किशन के कवर के तौर पर कुमार कुशाग्र को T20I टीम में शामिल किया है। वह तीसरे मैच के लिए वेलिंग्टन भी गए हैं। यह विकेटकीपर-बल्लेबाज न्यूजीलैंड A के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट सीरीज के लिए 'इंडिया A' टीम का हिस्सा थे। कुशाग्र आखिरी दो मैचों के लिए ODI टीम में भी शामिल हैं। सीरीज का तीसरा T20I मैच मंगलवार (27 अक्टूबर) को हेनरी पार्क में दोपहर 12:30 बजे (IST) से खेला जाएगा।
भारत सीरीज में 2-0 से आगे
भारत पांच मैचों की T20I सीरीज में 2-0 से आगे है। सीरीज के पहले मैच में 'मेन इन ब्लू' ने 226 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। इस मैच में संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन किया और सिर्फ 33 गेंद में 67 रन बनाए। इस जीत में नमन धीर भी 15 गेंद में 42 रन बनाकर नाबाद रहे।
दूसरे मैच में भारत मुश्किल स्थिति में था और 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 14.5 ओवर के बाद उनका स्कोर 112/6 था। तिलक वर्मा ( नाबाद 51) और नीतीश कुमार रेड्डी (नाबाद 26) ने सातवें विकेट के लिए 69 रन जोड़े। नमन ने भी जीत में अपना योगदान दिया और सिर्फ 17 गेंद में 31 रन बनाए।
तीसरे T20I के लिए भारत की अपडेटेड टीम:-
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर)
